'घास खाने' को मजबूर छात्र, स्कूल टीचर परीक्षा में पास; नियुक्ति पत्र क्यों नहीं हो रहा जारी
प्रदर्शनकारी के मुताबिक, सरकार ने उनसे दो महीने का समय मांगा है, लेकिन उन्हें इसके लिए 2 महीने की जरूरत क्यों है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अलग-अलग तरह से प्रोटेस्ट कर चुके हैं, लेकिन सरकार की तरफ से जवाब नहीं आया।

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में शनिवार को लोअर प्राइमरी स्कूल टीचर के रैंक होल्डर्स ने सरकार के खिलाफ अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। सचिवालय के बाहर प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से घास खाकर अपना विरोध जताया। इन अभ्यर्थियों का कहना है कि केरल लोक सेवा आयोग (PSC) की रैंक लिस्ट में जगह बनाने के बावजूद उन्हें अब तक अपॉइंटमेंट ऑर्डर जारी नहीं किया गया है। इनका आंदोलन 34 दिन से जारी है। आरोप है कि सरकार लगातार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है और नियुक्ति को लेकर कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे LPST रैंक होल्डर्स हैं और पिछले 34 दिनों से प्रोटेस्ट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से अभी तक कोई गुड न्यूज नहीं मिली है। प्रदर्शनकारी के मुताबिक, सरकार ने उनसे दो महीने का समय मांगा है, लेकिन उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इसके लिए 2 महीने की जरूरत क्यों है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी अलग-अलग तरह से प्रोटेस्ट कर चुके हैं, लेकिन सरकार की तरफ से कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। उनका आरोप है कि सरकार उनकी मांगों पर कोई एक्शन नहीं ले रही है और उन्हें लगातार अवॉइड करने की कोशिश कर रही है।
पेपर की जांच में गड़बड़ियों के भी आरोप
यह पूरा मामला केरल पब्लिक सर्विस कमीशन की परीक्षा के मूल्यांकन में गड़बड़ियों भी जुड़ा हुआ है। राज्य योजना बोर्ड में चीफ स्तर के पदों के लिए आयोजित परीक्षा के मूल्यांकन को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी। जुलाई में केरल पुलिस ने बताया था कि इस मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई जाएगी।
एसआईटी की कमान इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस एस अजिता बेगम को सौंपी गई है। सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी व्यापक जांच कराने का फैसला लिया है। गृह विभाग के आदेश के बाद क्राइम ब्रांच को मामले की पूरी जांच करने की जिम्मेदारी दी गई।
पूरे मामले की जांच करने का दावा
केरल पुलिस के आदेश में कहा गया कि केरल पब्लिक सर्विस कमीशन की ओर से आयोजित परीक्षाओं में हाल में सामने आए अनियमितताओं के आरोपों की जांच की जाएगी। मामले की गंभीरता और जल्द जांच पूरी करने की जरूरत को देखते हुए एस अजिता बेगम की अध्यक्षता में तत्काल प्रभाव से स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है। इस बीच, एलपीएसटी रैंक होल्डर्स का आंदोलन लगातार जारी है और वे अपॉइंटमेंट ऑर्डर जारी करने की मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब सरकार को उनकी नियुक्ति को लेकर जल्द फैसला लेना चाहिए।


