
भूत भगाना है बीड़ी पिलाओ, काला जादू के शक में युवती पर घंटों अत्याचार; तांत्रिक गिरफ्तार
संक्षेप: पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में सब से पहले तांत्रिक शिवदास से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन वह फोन बंद करके भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा करके उसे मुथूर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
केरल के कोट्टायम में एक युवती को काला जादू के नाम पर घंटों शारीरिक और मानसिक यातना का सामना करना पड़ा है। पुलिस के मुताबिक एक तांत्रिक ने युवती के शरीर से भूत, प्रेत निकालने के लिए उसे शराब और बीड़ी पिलाई। युवती के शरीर से भूत भगाने का यह घटनाक्रम घंटों चला, जिसके बाद उसकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई। लड़की के पिता को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई।

युवती के पिता द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के मुताबिक लड़की के पार्टनर और उसके परिवार ने मिलकर साथ यह पूरा कांड करवाया है। लड़के (पार्टनर) की मां को ऐसा लगता था कि युवती के ऊपर किसी ने काला जादू करवाया है, जिसकी वजह से उसके मृत रिश्तेदारों की आत्मा उसके शरीर में प्रवेश कर गई है। इन आत्माओं को निकलवाने के लिए ही वह पिछले हफ्ते तांत्रिक को लेकर आई थी।
युवती ने मीडिया को बताया, "उस दिन सुबह 11 बजे से काला जादू हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई और यह रात तक चलती रही। यह इतना डरावना था कि वह बेहोश ही हो गई।" युवती ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसे पीने के लिए शराब और बीड़ी भी दी गई। इसके अलावा अन्य शारीरिक यातनाएं दी गई, जिनमें शरीर को जलाना भी शामिल है।
पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में सब से पहले तांत्रिक शिवदास से संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन वह फोन बंद करके भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा करके उसे मुथूर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने युवती के साथी अखिल (26) और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, लड़के की मां, जो उस तांत्रिक को लेकर आई थी वह अभी भी फरार है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल सह आरोपी महिला की तलाश कर रही है।





