
वंदे भारत ट्रेन में बच्चों से RSS गीत का गायन कराने का मामला गरमाया, केरल सरकार ने दिए जांच के आदेश
वंदे भारत एक्सप्रेस में स्कूली छात्रों के समूह ने शनिवार को RSS का गीत गया था जिस पर केरल में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इसे लेकर दक्षिण रेलवे की निंदा की। उन्होंने इसे संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन बताया।
केरल सरकार ने वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के बाद ट्रेन में स्कूली छात्रों से RSS के गीत का गायन कराने के मामले की जांच का आदेश दिया है। शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने लोक शिक्षण निदेशक (DPI) को इस संबंध में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, शिवनकुट्टी ने कहा कि सरकार इस घटना को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में बच्चों का राजनीतिकरण करना और किसी खास समूह के सांप्रदायिक एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए उनका इस्तेमाल करना संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है।
मंत्री ने कहा, ‘लोक शिक्षण निदेशक को तुरंत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।’ उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी। शिवनकुट्टी ने कहा कि देश के धर्मनिरपेक्ष और राष्ट्रीय मूल्यों को बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। इन सिद्धांतों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने नई ट्रेन में छात्रों की ओर से आरएसएस का गीत गाने को रविवार को सही ठहराया। उन्होंने त्रिशूर में पत्रकारों से कहा कि यह बच्चों के निश्छल जश्न का हिस्सा था।
पिनराई विजयन ने की रेलवे की निंदा
पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री ने कहा, ‘उन्हें उस समय वह गाना गाने का मन हुआ और उन्होंने इसे गा दिया। वैसे भी यह कोई अतिवादी गाना नहीं है।' वंदे भारत एक्सप्रेस में स्कूली छात्रों के समूह ने शनिवार को RSS का गीत गया था जिस पर केरल में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इसे लेकर दक्षिण रेलवे की निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि लगातार सांप्रदायिक विभाजनकारी राजनीति फैलाने वाले आरएसएस के गीत को सरकार के आधिकारिक कार्यक्रम में शामिल करना संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है।
सांप्रदायिक राजनीतिक प्रचार का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा था कि संघ परिवार की ओर से रेलवे का इस्तेमाल अपने सांप्रदायिक राजनीतिक प्रचार के लिए किया जाना अस्वीकार्य है। विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन ने भी कहा कि सरकारी कार्यक्रम में छात्रों से RSS का गीत गवाना अवैध और अलोकतांत्रिक है। दक्षिण रेलवे ने व्यापक आलोचना के बाद इस सोशल मीडिया पोस्ट को हटा लिया था। दक्षिण रेलवे ने छात्रों की ओर से गाए गए गीत का वीडियो और उसका अंग्रेजी अनुवाद रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर फिर से पोस्ट किया। इसमें लिखा गया, ‘सरस्वती विद्यालय के छात्रों ने एर्नाकुलम बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के दौरान अपने स्कूल गीत की शानदार प्रस्तुति दी।’





