
वेनेजुएला पर अमेरिकी अभियान से भड़के इस राज्य के सीएम, हमले को आतंकी घटना बताया
केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर किए गए हमले की निंदा की है। उन्होंने इसे एक साम्राज्यवादी आक्रमण बताते हुए आतंकी हमला करार दिया। इतना ही नहीं उन्होंने इसे लैटिन अमेरिका की शांति के लिए भी खतरा बताया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में वेनेजुएला के ऊपर चलाए गए अभियान की चर्चा दुनिया भर में है। वहां के राष्ट्रपति मादुरो को ट्रंप प्रशासन न्यूयॉर्क लेकर आ रहा है, जहां पर उनके खिलाफ ड्रग्स तस्करी का केस चलाया जाएगा। इस मामले पर केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन का बयान सामने आया है। उन्होंने इस हमले को आतंकवादी घटना बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
सोशल मीडिया साइट एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयन ने अमेरिका के इस हमले को साम्राज्यवादी आक्रमण करार दिया। उन्होंने कहा, "अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के विभिन्न रणनीतिक केंद्रों पर बमबारी की गई। इस खुलेआम साम्राज्यवादी आक्रमण की हम कड़ी निंदा करते हैं। यह एक दुष्ट राष्ट्र के शातिर प्रशासन को उजागर करता है, जो अपनी कुटिल योजनाओं को थोपने के लिए ग्लोबल साउथ में स्पष्ट शत्रुता को बढ़ावा दे रहा है। यह एक आतंकी काम है, जो लैटिन अमेरिका में शांति को खतरा पैदा कर रहा है। एक ऐसे महाद्वीप ने जिसने इस तरह के हमलों और साम्राज्यवाद विरोधी संघर्षों का सामना किया है।"
हमले की निंदा करते हुए विजयन ने कहा, "हम सभी को एकजुट होकर वेनेजुएला पर हुए इस दुस्साहसी हमले की निंदा करनी चाहिए और वैश्विक शांति के विरुद्ध साम्राज्यवादी कदमों का विरोध करना चाहिए।"

आपको बता दें, विजयन वामपंथी विचार धारा के समर्थक हैं, और मादुरो भी वामपंथी विचार धारा के ही समर्थक हैं। भारत में वाम दलों ने अमेरिका की तरफ से किए गए इस हमले का विरोध किया है। वहीं, इस मामले पर जानकारी देते हुए ट्रंप ने कहा कि अब वेनेजुएला के लोग पूरी तरह से आजाद हैं। मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क लेकर आया जा रहा है, यहां पर उनके ऊपर ड्रग तस्करी का केस चलेगा।





