जानवरों के लिए रखें पीने का पानी, बुजुर्गों का पूछें हाल; भीषण गर्मी में PM मोदी की सलाह
पीएम मोदी ने खासतौर से जानवरों का ख्याल रखने की अपील की है। उन्होंने लिखा, 'इस भीषण गर्मी में हम अपने आस-पास के पशु-पक्षियों का भी ध्यान रखें। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी का एक छोटा सा बर्तन जरूर रखें।

भारत में हीटवेव और लगातार बढ़ रहे तापमान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि घर के बाहर मौजूद पशु पक्षियों का भी पर्याप्त ध्यान रखें और पानी की व्यवस्था करें। साथ ही उन्होंने लोगों से बुजुर्गों का खास ख्याल रखने और समय मिलते ही बात करने की सलाह दी है। खास बात है कि भारत के कई राज्य और खासतौर से उत्तर पश्चिम में तीखी गर्मी का दौर जारी है। हालांकि, संभावनाएं जताई जा रही हैं कि 28 मई से मौसम करवट ले सकता है।
पीएम मोदी ने लिखा, 'भारत के कई हिस्सों में तापमान बहुत तेजी से बढ़ रहा है और इसके साथ ही मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। यह गर्मी हम सभी के लिए बहुत भारी है इसलिए मेरी आप सभी से गुजारिश है कि जितनी हो सके सावधानी बरतें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और जब भी बाहर निकलें तो अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें। दूसरों को भी पानी पीने के लिए पूछें। ऐसे मौसम में आपका यह छोटा सा नेक काम किसी के लिए बहुत मददगार साबित हो सकता है।'
जानवरों के लिए रखें पानी
पीएम मोदी ने खासतौर से जानवरों का ख्याल रखने की अपील की है। उन्होंने लिखा, 'इस भीषण गर्मी में हम अपने आस-पास के पशु-पक्षियों का भी ध्यान रखें। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी का एक छोटा सा बर्तन जरूर रखें। यह किसी प्यासे पक्षी की जान बचा सकता है। इस मुश्किल समय में दया का भाव रखें।'
उन्होंने लिखा, 'इस भीषण गर्मी में जब भी मौका मिले अपने बुजुर्ग माता-पिता, दादा-दादी और करीबियों को फोन करके उनका हाल जरूर पूछें। उन्हें याद दिलाएं कि वे खूब पानी पीते रहें, दोपहर की तेज धूप में बाहर जाने से बचें और जब भी मौका मिले तो आराम करें।'
लक्षणों के प्रति किया सतर्क
पीएम मोदी ने लिखा, 'गर्मी से होने वाली परेशानियां जैसे कि चक्कर आना, उल्टी जैसा लगना या बहुत ज्यादा थकावट होने पर खास ध्यान दें। अगर आपके आस-पास कोई अचानक अस्वस्थ महसूस करे, कमजोरी बताए या उसके सिर में दर्द हो, तो उसे तुरंत किसी ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं। उन्हें पानी, ओआरएस का घोल पिलाने जैसे उपाय करें, जिससे उन्हें आराम मिले।'
उन्होंने कहा, 'इस भीषण गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और बाहर धूप में काम करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा खतरा होता है। इन शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है और यह लू का रूप ले सकता है। ऐसे मौसम में समय पर की गई देखभाल किसी की जान बचा सकती है।'
भारत में गर्मी
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण लू का प्रकोप है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के बांदा में सर्वाधिक 47.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में 45 डिग्री से अधिक तापमान पर हीटवेव घोषित की जाती है, जबकि 47 डिग्री से अधिक तापमान को भीषण लू की श्रेणी में रखा जाता है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Nisarg Dixitनिसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
और पढ़ें

