नई 'हिट लिस्ट' से दहशत में कश्मीरी पंडित! सरकार से मांगी सुरक्षा; नाम और पते किसने दिए?
धमकी के बाद फोरम ने दफ्तरों और कर्मचारियों के घरों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग की है। इसके अलावा जिन कर्मचारियों की व्यक्तिगत जानकारी पोस्टर में सामने आई है, उन्हें विशेष सुरक्षा मुहैया कराने को कहा गया है।

जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में प्रधानमंत्री पैकेज के तहत काम कर रहे कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को एक बार फिर धमकी मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल धमकी भरे पत्र में कुछ कर्मचारियों के नाम, पते और गाड़ियों के नंबर तक होने का दावा किया गया है। इसे लेकर ऑल पीएम पैकेज एम्प्लॉइज फोरम कश्मीर ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन से कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। फोरम ने सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर मामले को गंभीर चिंता का विषय बताया। धमकी भरा पत्र 23 अगस्त का बताया जा रहा है और इसे खुद को यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल बताने वाले संगठन के नाम से जारी किया गया है।
फोरम का कहना है कि धमकी वाले पत्र और पोस्टर का बार-बार सोशल मीडिया पर वायरल होना चिंता बढ़ाने वाला है, खासकर तब जब इनमें कर्मचारियों की संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी शामिल हो। संगठन ने प्रशासन से इस मामले की तत्काल जांच कराने और यह पता लगाने की मांग की है कि कर्मचारियों से जुड़ी इतनी अहम जानकारी धमकी देने वालों तक कैसे पहुंची। फोरम ने दफ्तरों और कर्मचारियों के घरों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग की है। इसके अलावा जिन कर्मचारियों की व्यक्तिगत जानकारी पोस्टर में सामने आई है, उन्हें विशेष सुरक्षा मुहैया कराने को कहा गया है।
धमकियों से डरने वाले नहीं: कश्मीरी पंडित
इस बीच, एक कश्मीरी पंडित कर्मचारी ने कहा कि ऐसी धमकियां उन्हें डराकर घाटी छोड़ने के लिए मजबूर नहीं कर सकतीं। कर्मचारी के अनुसार, वे न तो डरेंगे और न ही इस बार घाटी छोड़कर भागेंगे। उन्होंने कहा कि कश्मीर उनका भी है और यही उनकी जन्मभूमि है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसी महीने की शुरुआत में भी कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को निशाना बनाने वाला एक धमकी पत्र सामने आया था। ऐसे में ताजा पत्र ने कर्मचारियों और उनके संगठनों की चिंता बढ़ा दी है।
धमकी भरे पत्र की तत्काल जांच की मांग
फोरम ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है। साथ ही, धमकी के स्रोत का पता लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की अपली की गई है। कश्मीरी पंडित कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा घाटी में पहले भी संवेदनशील रहा है। प्रधानमंत्री पैकेज के तहत बड़ी संख्या में कश्मीरी पंडित कर्मचारियों की घाटी में नियुक्तियां की गई हैं, लेकिन समय-समय पर सामने आने वाली टारगेटेड धमकियों और हमलों के कारण उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ताजा मामले में यह जरूर है कि कथित धमकी पत्र की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जम्मू-कश्मीर सरकार में मंत्री ने क्या कहा
जम्मू-कश्मीर सरकार में मंत्री जावेद राणा ने कश्मीरी पंडितों को दी जा रही धमकियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोमवार को उन्होंने कहा, 'उपराज्यपाल इसके पीछे के कारणों की जांच कर रहे हैं कि देश और विदेश में कौन-सी एजेंसियां इसमें शामिल हैं। कौन-सी ताकतें देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रही हैं। इसे बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पाकिस्तान हमेशा अपनी साजिशों में लगा रहता है। पाकिस्तान और यहां मौजूद ऐसे लोगों पर निगरानी रखी जानी चाहिए।'

