SC/ST आरक्षण बढ़ाने वाला कानून रद्द, हाईकोर्ट ने बता दिया असंवैधानिक

लाइव हिन्दुस्तान
share

इस कानून के तहत अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए कुल आरक्षण को बढ़ा दिया गया था। हाईकोर्ट ने कानून की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर फैसला सुनाया।

Karnataka High Court strikes down govt law
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के कानून को रद्द कर दिया

कर्नाटक हाईकोर्ट ने सोमवार को आरक्षण को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य के आरक्षण से जुड़े 2022 के कानून के प्रावधानों को खारिज कर दिया है। इस कानून के तहत राज्य में अनुसूचित जाति (SC) के आरक्षण को 15 से बढ़ाकर 17 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति (ST) के आरक्षण को 3 से बढ़ाकर 7 प्रतिशत किया गया था। कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए स्पष्ट कहा कि आरक्षण में 50 फीसदी की अधिकतम सीमा का उल्लंघन पूरी तरह असंवैधानिक है।

हाईकोर्ट में फैसला सुनाते हुए मुख्य न्यायाधीश विभु बाखरू और जस्टिस के एस हेमलेखा की पीठ ने कहा कि 'कर्नाटक अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (शैक्षणिक संस्थानों में सीट और राज्य के अधीन सेवाओं में नियुक्तियों या पदों का आरक्षण) अधिनियम, 2022' की धारा-3, कुल आरक्षण को 50 प्रतिशत से अधिक ले जाकर संविधान के अनुच्छेद 14 और 15 का उल्लंघन करती है। इसके साथ ही अदालत ने अधिनियम की धारा-4 को भी निरस्त कर दिया। इसके तहत राज्य सरकार की नौकरियों में अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षण बढ़ाने का प्रावधान था। अदालत ने इसे 'असंवैधानिक' करार देते हुए कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 का उल्लंघन करती है।

50 प्रतिशत की अधिकतम सीमा

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 1992 के ऐतिहासिक 'इंदिरा साहनी बनाम भारत सरकार' मामले में आरक्षण के लिए 50 प्रतिशत की अधिकतम सीमा निर्धारित की थी। बाद के कई फैसलों में भी इस सीमा को बरकरार रखा गया है। इन्हीं फैसलों के आधार पर हाईकोर्ट में कर्नाटक सरकार के कानून को चुनौती दी गई थी।

56 फीसदी कर दी गई थी सीमा

हाईकोर्ट ने कानून की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली दो याचिकाओं पर यह फैसला सुनाया। कानून के तहत अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए कुल आरक्षण 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 56 प्रतिशत कर दिया गया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई नीत भारतीय जनता पार्टी सरकार के कार्यकाल में पारित इस विधेयक को 11 जनवरी 2023 को राज्यपाल की मंजूरी मिली थी। इसके अगले दिन 12 जनवरी 2023 को इसे कर्नाटक राजपत्र में प्रकाशित किया गया था।

क्या बोले डिप्टी सीएम?

इस बीच कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षण में वृद्धि को रद्द करने का उच्च न्यायालय का फैसला एक गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि इसका राज्य में सामाजिक न्याय, शैक्षणिक अवसरों और सरकारी नौकरियों पर दूरगामी प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा, "हम न्यायपालिका और उस संवैधानिक ढांचे का सम्मान करते हैं, जिसके तहत वह काम करती है। इसके साथ ही, यह फैसला पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की राजनीतिक जवाबदेही और केंद्र की भाजपा नीत सरकार की निरंतर निष्क्रियता पर बुनियादी सवाल खड़े करता है।"

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia NewsSC/ST आरक्षण बढ़ाने वाला कानून रद्द, हाईकोर्ट ने बता दिया असंवैधानिक