नियम तोड़ने वाला ट्रैफिक रूल्स सिखाएगा? लेम्बोर्गिनी मालिक को HC ने सुनाई 'झाड़ू लगाने' की सजा
कर्नाटक हाईकोर्ट ने लेम्बोर्गिनी से रैश ड्राइविंग करने वाले आरोपी को अनोखी शर्त दी है। एफआईआर रद्द कराने के लिए उसे 'समाज सेवा' करनी होगी। जज ने तंज कसते हुए कहा- लेम्बोर्गिनी से जाओ और सड़क पर झाड़ू लगाओ।

कर्नाटक हाईकोर्ट ने तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाने के एक मामले में अनोखा फैसला सुनाया है। अदालत ने एक हरे रंग की लेम्बोर्गिनी कार के मालिक के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को रद्द करने पर सहमति तो जता दी है, लेकिन इसके लिए एक शर्त रखी है। शर्त यह है कि आरोपी को 'समाज सेवा' करनी होगी। जस्टिस एम. नागप्रसन्ना की बेंच ने आरोपी चिरंत बी.आर. की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला दिसंबर 2025 का है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें आरोपी चिरंत अपनी हरी लेम्बोर्गिनी कार को बेहद खतरनाक तरीके से चला रहा था। इस कार में एक अलग से लगाया गया तेज आवाज वाला साइलेंसर था। पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर चिरंत ने जुर्माना तो भर दिया था, लेकिन पुलिस ने बाद में पाया कि उसने वह साइलेंसर हटाया नहीं था। साइलेंसर न बदलने के कारण पुलिस ने केंगेरी पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ आपराधिक मामला (FIR) दर्ज कर लिया। इसके बाद चिरंत ने एफआईआर रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और दावा किया कि उसने अब साइलेंसर बदलवा दिया है।
अदालत में क्या-क्या हुआ?
"लेम्बोर्गिनी में जाओ और सड़क पर झाड़ू लगाओ"
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी के वकील रजत ने कोर्ट में दलील दी कि लेम्बोर्गिनी ड्राइवर को बिना वजह अपराधी की तरह पेश किया जा रहा है, जबकि उसने कोई अपराध नहीं किया है। हालांकि, जस्टिस नागप्रसन्ना इस बात से बिल्कुल सहमत नहीं हुए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा- आप अपनी लेम्बोर्गिनी में जाएंगे, सड़कों पर झाड़ू लगाएंगे और फिर अपनी लेम्बोर्गिनी में वापस आएंगे।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वाला पढ़ाएगा ट्रैफिक रूल्स?
जब कोर्ट ने पूछा कि आरोपी किस तरह की समाज सेवा करेगा, तो उसके वकील ने जवाब दिया कि चिरंत स्कूली बच्चों को 'ट्रैफिक सिग्नल्स' के बारे में पढ़ाएगा। इस पर जस्टिस नागप्रसन्ना ने मजाक में चुटकी लेते हुए कहा- यानी आपने ट्रैफिक नियम तोड़े हैं और अब आप बच्चों को ट्रैफिक के बारे में पढ़ाएंगे। बच्चे आपसे सीखेंगे कि नियम कैसे तोड़े जाते हैं और कैसे सीखे जाते हैं।
सरकारी वकील का तर्क
सरकारी वकील ने भी इस बात पर सहमति जताते हुए कहा कि यह बड़ी अजीब और विडंबना वाली बात होगी कि जो शख्स लेम्बोर्गिनी से रैश ड्राइविंग करता है, वही बच्चों को स्कूलों में ट्रैफिक नियम सिखाए। उन्होंने सुझाव दिया कि समाज सेवा ऐसी होनी चाहिए जो अपराध से जुड़ी हो। उन्होंने एक डॉक्टर का उदाहरण दिया जिसे अदालत की अवमानना का दोषी पाए जाने पर छह महीने तक हर रविवार सरकारी अस्पताल में मुफ्त सेवा देने की सजा दी गई थी। अदालत ने लंबी बहस के बाद कहा कि आरोपी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द कर दिया जाएगा। जज ने कहा कि वह जल्द ही एक विस्तृत आदेश जारी करेंगे, जिसमें यह स्पष्ट रूप से बताया जाएगा कि आरोपी चिरंत को कौन सी समाज सेवा करनी होगी।
लेखक के बारे में
Amit Kumarडिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।
अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।
और पढ़ें

