Hindi NewsIndia NewsKarnataka Congress MLA Mateen Patel dances with gun Dhurandhar song video viral
विधायक जी का तमंचे के साथ ‘धुरंधर’ के गाने पर डांस, रील वायरल होने पर बवाल; पुलिस जांच शुरू

विधायक जी का तमंचे के साथ ‘धुरंधर’ के गाने पर डांस, रील वायरल होने पर बवाल; पुलिस जांच शुरू

संक्षेप:

वीडियो क्लिप में पटेल एक काली एसयूवी में आते हैं और फिल्म 'धुरंधर' के एक गाने पर पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लेकर नाचते हुए दिखाई देते हैं। उनके कुछ समर्थक भी बंदूक जैसी चीजें लिए हुए देखे गए।

Feb 11, 2026 04:33 pm ISTJagriti Kumari वार्ता, कलबुर्गी
share Share
Follow Us on

कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में एक पारिवारिक समारोह के दौरान कांग्रेस विधायक मतीन पटेल का कथित तौर पर हथियार लेकर नाचने का एक वीडियो सामने आने के बाद बवाल हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी आलोचना शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित इस वीडियो क्लिप में पटेल एक काली एसयूवी में आते हैं और फिल्म 'धुरंधर' के एक गाने पर पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लेकर नाचते हुए दिखाई देते हैं। उनके कुछ समर्थक भी बंदूक जैसी चीजें लिए हुए देखे गए। सोशल मीडिया यूजर्स ने इस प्रदर्शन की आलोचना करते हुए इसे गैर-जिम्मेदाराना बताया और सार्वजनिक कार्यक्रमों में बढ़ती 'गन कल्चर' पर चिंता व्यक्त की है।

बचाव में क्या बोले मतीन पटेल?

अफजलपुर के विधायक एमवाई पाटिल के करीबी माने जाने वाले पटेल ने अपना बचाव करते हुए कहा कि वीडियो में दिख रही वस्तु एक खिलौना बंदूक थी और उन्होंने एक निजी पारिवारिक मिलन समारोह में अपने बच्चों के अनुरोध पर फिल्म के एक पात्र की तरह कपड़े पहने थे। उन्होंने कहा कि फुटेज की गलत व्याख्या की जा रही है और पुलिस इस मामले में पहले ही पूछताछ कर चुकी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कलबुर्गी शहर के पुलिस आयुक्त शरणप्पा एस डी ने कहा कि पुलिस को यह सत्यापित करने का निर्देश दिया गया है कि कौन से हथियार दिखाए गए थे और यह पता लगाने के लिए कहा गया है कि वीडियो कहाँ शूट किया गया था और वह किस पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है।

शरणप्पा ने कहा कि अधिकारी यह निर्धारित करेंगे कि क्या हथियार असली थे, क्या उनके पास वैध लाइसेंस था और क्या किसी शर्त का उल्लंघन किया गया था। अगर हथियारों के असली होने की पुष्टि होती है और वे अवैध पाए जाते हैं, तो हथियार अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन करना एक अपराध है और किसी भी कार्रवाई से पहले मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
;;;