
गोडसे ने गांधी जी को एक बार मारा था, लेकिन... केंद्र पर क्यों भड़के कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की हत्या एक बार की थी, लेकिन इस सरकार ने महात्मा गांधी के नाम से चल रही योजना का खत्म करके उनकी दूसरी हत्या कर दी है। इतना प्रतिशोध ठीक नहीं है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने केंद्र सरकार द्वारा जी राम जी परियोजना को लागू करने पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को निरस्त करके महात्मा गांधी की दूसरी हत्या कर दी है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार के इस फैसले के खिलाफ कांग्रेस पार्टी देश व्यापी प्रदर्शन करने की योजना बना रही है।
इसी सिलसिले में शनिवार को राजधानी बेंगलुरू में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "महात्मा गांधी की पहली हत्या गोडसे ने की थी। यह सरकार उनकी दूसरी हत्या कर रही है। उन्हें इतना प्रतिशोध नहीं लेना चाहिए।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई इस योजना को संविधान के निर्देशों पर बनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य गरीबों, छोटे किसानों और ग्रामीण मजदूरों के लिए काम, शिक्षा और सम्मान के अधिकार को सुरक्षित करना था।
सिद्धारमैया ने कहा, “बीस साल पहले, जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब उन्होंने निर्देशक सिद्धांतों के तहत कई अधिकार लागू किए थे, जिनमें काम करने का अधिकार, शिक्षा का अधिकार और अन्य अधिकार शामिल थे। इन अधिकारों का उद्देश्य गरीबों और छोटे किसानों को लाभ पहुंचाना और आम जनता के लिए इन्हें उपयोगी बनाना था। अब केंद्र सरकार ने एक नया कानून लाकर इसे 'विकसित भारत ग्राम योजना' से बदल दिया है। मोदी सरकार ने राज्यों से परामर्श किए बिना यह निर्णय लिया है, जो तानाशाही रवैया दर्शाता है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि नए कानून को संसद में जल्दबाजी में पारित किया गया, इसे 17 दिसंबर को पेश किया गया और अगले ही दिन बिना पर्याप्त बहस या संघीय परामर्श के पारित कर दिया गया। उनके अनुसार, यह कदम ग्राम सभाओं और ग्राम पंचायतों की वैधानिक शक्तियों को छीनकर और नई दिल्ली में सत्ता का केंद्रीकरण करके विकेंद्रीकृत शासन को कमजोर करता है।"

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



