ये भूखे-नंगे लोग, पहले कंगना रनौत बनकर दिखाओ; BJP सांसद ने रामदेव से लेकर तापसी तक को सुनाया
कंगना रनौत ने कहा, 'जहां तक बाबा रामदेव की बात है, उन्होंने हर मर्यादा लांग दी। उन्होंने एक महिला के बारे में जिस तरह की टिप्पणियां की हैं, उससे समाज शर्मसार हुआ है। महिलाओं को लेकर उन्हें अपने नजरिए पर विचार करने की जरूरत है।'

बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने उन पर टिप्पणी करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। सोमवार को उन्होंने कहा कि हर दिन मैं अशुतोष राणा जैसे लोगों को देखती हूं, जो कहते हैं कि मैं कुत्ते की तरह भौंकती हूं। सोनू सूद जैसे लोग हैं। फिर राखी सावंत जैसी लोग हैं, जो मेरे चरित्र को लेकर तरह-तरह की बातें करती हैं। तापसी पन्नू मेरे माता-पिता, मेरी परवरिश और मेरी पृष्ठभूमि का अपमान करती हैं।
कंगना रनौत ने कहा, 'मेरा इन लोगों के लिए सिर्फ एक संदेश है कि अगर आपने जीवन में मेरी सफलता का एक प्रतिशत भी हासिल नहीं किया है, तो मैं आपकी बात नहीं सुनने वाली। पहले आप कंगना रनौत बनकर दिखाओ तो सही। ये सभी असफल और पूरी तरह अप्रासंगिक लोग हैं, जो सिर्फ मीडिया का अटेंशन पााने के लिए लगातार मुझे गालियां देते हैं।'
… ऐसे लोगों की सलाह नहीं चाहिए: कंगना रनौत
कंगना रनौत ने चेतावनी देते हुए कहा कि मैं इस तरह की भद्दी टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं करूंगी। ये भूखे-नंगे लोग हैं। ये महत्वहीन लोग मेरा सहारा लेकर आगे नहीं बढ़ सकते। इनफ इज इनफ। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मुझसे ज्यादा सफल और माननीय है, मैं उसकी सलाह लूंगी। भाजपा नेता ने आगे कहा, 'जहां तक बाबा रामदेव की बात है, उन्होंने हर मर्यादा लांग दी। उन्होंने एक महिला के बारे में जिस तरह की टिप्पणियां की हैं, उससे समाज शर्मसार हुआ है। महिलाओं को लेकर वह जिस तरह की बातें करते हैं, उन्हें अपने नजरिए पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।'
कंगना रनौत और बाबा रामदेव के बीच बहस क्यों
इससे पहले, योग गुरु स्वामी रामदेव ने कंगना रनौत से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के लोग उनके योगदान और पहचान से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि वह कंगना जैसे लोगों की टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते और न ही विवाद को आगे बढ़ाना चाहते हैं। दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब रामदेव ने कंगना के ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान की आलोचना करते हुए उनकी शिक्षा, बचपन, युवावस्था और पुराने कामों को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर रामदेव को निशाने पर लेते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।
कंगना रनौत ने अपनी पोस्ट में रामदेव से कहा कि वह उनकी जवानी या निजी जिंदगी को लेकर कल्पना न करें। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के बारे में केवल अफवाहों और गॉसिप के आधार पर अनुमान लगाया जा सकता है। कंगना ने रामदेव पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उन्हें झूठे या भ्रामक चिकित्सकीय दावों के मामले में सुप्रीम कोर्ट की फटकार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि उनके चरित्र पर टिप्पणी करने से पहले रामदेव को तथ्यों को देखना चाहिए और उन्हें चरित्र का ज्ञान नहीं देना चाहिए।


