जेपी नड्डा की एंजियोप्लास्टी, कैसी है उनकी तबीयत: AIIMS ने बयान जारी कर बताया
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के स्वास्थ्य को लेकर बयान जारी करते हुए दिल्ली AIIMS ने बताया है कि उनकी एंजियोप्लास्टी की गई है। एम्स ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री की हालत स्थिर है और उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में रखा गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को बेचैनी और सीने में दर्द महसूस होने के बाद 13 अगस्त को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। AIIMS की तरफ से उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की एंजियोप्लास्टी की गई है। अभी वह एम्स में भर्ती हैं और कार्डियोलॉजी विभाग की टीम उनका इलाज कर रही है। उनकी हालत स्थिर है।
कार्डियोलॉजी विभाग में एडमिट
नड्डा के ऐडमिट होने के बाद एम्स ने बयान जारी कर बताया था कि 65 वर्षीय नड्डा की कोरोनरी एंजियोग्राफी भी की गयी है और मौजूदा समय में वह हृदयरोग विभाग में भर्ती है। एम्स ने सोशल मीडिया एक्स पर श्री नड्डा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए कहा, " स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को बेचैनी महसूस होने पर अस्पताल लाया गया और गुरुवार को शाम कोरोनरी एंजियोग्राफी सहित कई जांच की गयी।। उनकी हालत अभी अभी स्थिर हैं और निगरानी के लिए उन्हें हृदय रोग विभाग में भर्ती किया गया है।"
पहले ही दिन हुई थी एंजियोग्राफी
गौरतलब है कि कोरोनरी एंजियोग्राफी एक मेडिकल इमेजिंग (शरीर के अंदरूनी अंगों की साफ तस्वीर लेने की तकनीक) प्रक्रिया है, जिसका इस्तेमाल कोरोनरी आर्टरीज की जांच के लिए किया जाता है। यह हृदय को ऑक्सीजन वाला खून आपूर्ति करने वाली रक्तवाहिनी है। इस प्रक्रिया के दौरान डॉक्टर कैथेटर नाम की एक पतली, लचीली ट्यूब को रक्तवाहिनी में डालते हैं, जो आमतौर पर कलाई या कमर में होती है और इसे दिल तक ले जाते हैं। फिर कोरोनरी आर्टरीज में एक खास कंट्रास्ट डाई इंजेक्ट की जाती है और किसी भी सिकुड़न या ब्लॉकेज का पता लगाने के लिए एक्स-रे इमेज ली जाती हैं।
बता दें कि जेपी नड्डा पूरे मॉनसून सेशन में ऐक्टिव थे और विपक्ष के सवालों का जवाब दे रहे थे।अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी आई थी। इसके बाद बीजेपी समेत अन्य राजनेताओं ने भी उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। जेपी नड्डा बीजेपी की कमान भी संभाल चुके हैं। उनके बाद ही नितिन नवीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।


