
कश्मीरियों पर गुस्सा मत उतारिए… दिल्ली धमाके पर बोलीं महबूबा मुफ्ती; मजहबी नेताओं से एक अपील
इससे पहले गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट की स्पेशल NIA कोर्ट ने लाल किले के बाहर हुए कार ब्लास्ट के आरोपियों, मुजम्मिल शकील गनई, अदील अहमद राथर, शाहीन सईद और मुफ्ती इरफान अहमद वागे को 10 दिन की हिरासत में भेज दिया।
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (JKPDP) चीफ महबूबा मुफ्ती ने गुरुवार को दिल्ली में लाल किले के पास हुए भीषण कार धमाके में जान गंवाने वाले बिलाल अहमद संगू के परिवारवालों से मुलाकात की। इस दौरान महबूबा ने कहा है कि दिल्ली हादसे के आरोपियों को सजा जरूर मिलनी चाहिए, लेकिन इसकी सजा पूरे कश्मीर को नहीं मिलनी चाहिए और इसका गुस्सा कश्मीर के लोगों पर नहीं निकाला जाना चाहिए। वहीं महबूबा ने कश्मीर के नेताओं और धार्मिक गुरुओं से अपील की है कि उन्हें आगे आकर कश्मीर के नौजवानों को आतंकवाद का रास्ता ना चुनने के लिए समझाना चाहिए।
गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान महबूबा मुफ्ती ने कहा, "यह बहुत दुख की बात है। बिलाल अपने बुजुर्ग माता-पिता के लिए रोजी रोटी कमाने के लिए दिल्ली गया था और वहां ब्लास्ट का शिकार हो गया।… इसपर जितना दुख जताया जाए कम है। महबूबा ने आगे कहा, “दिल्ली में जो हुआ, उससे पूरे मुल्क के अंदर लोगों में गुस्सा है और खौफ भी है… लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि कश्मीर के इतने नौजवान बाहर पढ़ने जाते हैं, रोजी रोटी कमाने जाते हैं, उन पर गुस्सा नहीं उतारना चाहिए।”
महबूबा ने आगे जम्मू कश्मीर के युवाओं द्वारा आतंकवाद का रास्ता चुने जाने को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा है कि ये फिक्र की बात है कि पढ़े लिखे युवा इतना खौफनाक रास्ता चुन रहे हैं और जिंदगी के बजाय मौत को तरजीह दे रहे हैं।
मुफ्ती ने कहा कि इसके लिए मजहबी गुरुओं को आगे आकर युवाओं को समझाना चाहिए। महबूबा मुफ्ती ने कहा, “हमारे मजहबी लीडर्स को सामने आकर इसपर बात करनी चाहिए कि हमारे नौजवानों को ये रास्ता नहीं चुनना चाहिए।”
गौरतलब है कि 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण ब्लास्ट में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनका सीधा संबंध हमले की साजिश रचने से है। गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट की स्पेशल NIA कोर्ट ने पुलवामा के मुजम्मिल शकील गनई, अनंतनाग के अदील अहमद राथर, लखनऊ के शाहीन सईद, और शोपियां के मुफ्ती इरफान अहमद वागे को 10 दिन की कस्टडी में भेज दिया है।





