Jharkhand Protest: BJP का चक्काजाम, विधानसभा घेरने पहुंचे ABVP के 200 कार्यकर्ता हिरासत में; झारखंड में सियासी बवाल
Jharkhand Protest Live: झारखंड बंद के बीच कई बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर चक्का जाम किया। उधर एबीवीपी के छात्र संघ ने भी पुरानी विधानसभा के पास जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस ने 200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।

Jharkhand Protest Live: नई विधानसभा तक मार्च के दौरान छात्रों पर हुई लाठीचार्ज के बाद बीजेपी ने आज झारखंड बंद का ऐलान किया है। बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए और चक्का जाम किया। इससे लोगों को भी काफी परेशानी हुई। दूसरी ओर छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ पुराना विधानसभा के पास एबीवीपी के छात्र संघ ने भी प्रदर्शन किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एबीवीपी के 200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।
LIVE UPDATE:
4. 50 PM: Jharkhand Protest LIVE: सीएम हेमंत सोरेन का बीजेपी पर हमला
झारखंड में विरोध प्रदर्शन के बीच विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई है। इस पर हेमंत सोरेन ने कहा, हमने सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन विपक्ष ने इसमें बाधा डाली। उन्होंने कहा, झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायकों ने नोट लहराए, ये नोट उनके अस्तित्व का आधार हैं। छात्रों की नौकरियां जाने और छोटे, मध्यम एवं बड़े उद्यमों के बंद होने के लिए केंद्र सरकारी की नीतियां जिम्मेदार हैं। भाजपा के शासनकाल में झारखंड में दूसरे राज्यों के लोगों को नौकरियां मिलीं; अभी चुने गए 75-100 फीसदी उम्मीदवार स्थानीय हैं
03.55 PM: Jharkhand Protest LIVE: मार्च शुरू करने के बाद हिरासत में लिए गए एबीवीपी कार्यकर्ता
एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जैसे ही रांची के पुराने विधानसभा क्षेत्र से मार्च शुरू किया, उन्हें हिरासत में ले लिया गया। इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को ले जा रही बस को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की, जिसके बाद उनकी पुलिस के साथ झड़प हो गई। मार्च के दौरान पुलिस की ओर से कुछ महिला प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है।
02. 48: Jharkhand Protest LIVE: एबीवीपी के 200 से अधिक कार्यकर्ता हिररासत में
छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ पुराना विधानसभा के पास एबीवीपी के छात्र संघ ने भी प्रदर्शन किया। इस बीच एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह, प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी सहित 200 से अधिक संख्या कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया ।
01.47 PM: Jharkhand Protest LIVE: भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया
झारखंड बंद के समर्थन में उतरे भाजपा नेताओं को चौपारण पुलिस ने हिरासत में लिया।
01.16 PM: PM: Jharkhand Protest LIVE:छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का बंद, हाईवे जाम की कोशिश
विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को बोकारो जिले के विभिन्न स्थानों पर बंद का आह्वान किया गया। बंद के समर्थन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। नया मोड़ के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाईवे जाम करने का प्रयास किया। वहीं, जैनामोड़ समेत जिले के अन्य स्थानों पर भी कार्यकर्ता बंद के समर्थन में सड़क पर डटे रहे।भाजपा कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना के विरोध में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। बंद को लेकर पुलिस-प्रशासन भी सतर्क रहा और प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई।हालांकि बंद का बाजारों पर खास असर नहीं दिखा। जिले के अधिकांश इलाकों में दुकानें पूर्व की तरह खुली रहीं और सामान्य कारोबार होता रहा। सड़कों पर वाहनों का परिचालन भी जारी रहा। बंद के दौरान किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
12.35 PM: PM: Jharkhand Protest LIVE: जाम में फंसे लोग
कुजू नया मोड़ के निकट रांची हजारीबाग फोरलेन सड़क को बंद समर्थकों ने ब्लॉक कर दिया जिसके चलते कई लोग जाम में फंस गए।
12.15 PM: Jharkhand Protest LIVE: कोडरमा के झंडा चौक पर भाजपा नेताओं का प्रदर्शन, बंद करायी दुकानें
कोडरमा में भाजपा नेताओं ने मुख्य बाजार में सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाजार में दुकानों को बंद कराया जा रहा है। लेकिन हाईवे पर यातायात बाधित नहीं है।
11.41 AM: Jharkhand Protest LIVE: ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। भीड़ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम से अलग-अलग इलाकों की स्थिति की मॉनिटरिंग कर रही है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित टीम को मौके पर भेजने की व्यवस्था भी की गई है।
11.00 AM: Jharkhand Protest LIVE: दुमका में भी प्रदर्शन
दुमका में भी बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं और गाड़ियों को रोका जा रहा है। पूर्व सांसद और BJP के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने कहा, कल छात्रों ने पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा का घेराव करने के लिए विरोध प्रदर्शन किया था। फिर भी, प्रशासन ने रात में बर्बर लाठीचार्ज किया। इसके जवाब में, BJP ने एक दिन के राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है, और इसी के तहत हम आज दुमका में बंद लागू कर रहे हैं। अगर हेमंत सोरेन में जरा भी नैतिकता है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के इन्हीं लोगों ने नैतिक आधार पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। फिर भी, अब जब उनकी बारी है, तो वे पद छोड़ने से इनकार कर रहे हैं। बीजेपी हमेशा छात्रों के हितों के समर्थन में मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।
10.33 AM: Jharkhand Protest Live: रांची के किशोर गंज चौक पर भी असर
बंद समर्थकों ने रांची के किशोर गंज चौक पर टाययर जलाकर नारेबाजी की।
10.05 AM: Jharkhand Protest Live: गढ़वा में आंशिक असर
गढ़वा में भाजपा की ओर से आहूत झारखंड बंद का आंशिक असर दिखाई दे रहा है। बसों का परिचालन बाधित करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि बाजार की स्थिति अबतक सामान्य हैं और दुकानें खुली हैं।
10.00 AM: Jharkhand Protest Live: रांची में ट्रैफिक पर भी असर
बंद समर्थकों ने रांची के किशनगंज चौक पर टायर जलाए और यातायात को बाधित किया। इसके अलावा रांची के कांके रोड में सीएमपीडीआई गेट के पास भी सड़क जाम कर टायर जलाया गया है।
9.44 AM: Jharkhand Protest Live: हरमू चौक और भारत माता चौक पर जलाए टायर
रांची की सड़कों पर मंगलवार सुबह से ही बंद का असर दिखने लगा है। बंद समर्थकों ने हरमू चौक और भारत माता चौक के पास टायर जलाकर बंद का समर्थन किया और दुकानें बंद कराई। किशोरगंज चौक पर लकड़ी जलाकर भी उन्होंने दुकान बंद कराई। इस दौरान कुछ स्कूली बसों को जाने दिया गया। हालांकि लोगों को भी किस तरह की कोई परेशानी अभी तक नहीं हुई।
9.22 AM: Jharkhand Protest Live: रांची में सड़कों पर उतरे बीजेपी कार्यकर्ता
बंद के बीच रांची में बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और सीएम हेमंत सोरेन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने हरमू चौक पर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।
9.14 AM: Jharkhand Protest Live: चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात
बंद के मद्देनजर रांची में चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थानेदारों को सुबह से ही सतर्क रहने का निर्देश दिया है। अपने-अपने क्षेत्र में डीएसपी और थानेदार गश्त लगाएंगे। कोई भी उत्पात करता नजर आएगा तो उसे तुरंत गिरफ्तार करने का भी निर्देश दिया गया है। बंद के मद्देनजर पुराना विधानसभा परिसर से लेकर नया विधानसभा तक के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों, संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। किसी भी प्रकार के प्रदर्शन या जुलूस की स्थिति में पुलिस बल को तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रखा गया है।
9.O5 AM: Jharkhand Protest Live: झारखंड बंद पर क्या बोले छात्र?
झारखंड में आज BJP के राज्यव्यापी बंद के आह्वान पर छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा, हम इस बात में नहीं पड़ना चाहते कि कौन सी पार्टी क्या कर रही है। अगर कोई पार्टी बंद का आह्वान करती है, तो यह उनका अधिकार है। इस पर हमारी कोई टिप्पणी नहीं है। हम छात्र हैं। हम यहां किसी मकसद के लिए आंदोलन कर रहे हैं। इस मामले पर हमें कुछ नहीं कहना है। जब राजनीतिक दल बंद का आह्वान करते हैं, तो हम क्या कह सकते हैं?
8.50 AM: Jharkhand Protest Live: माहौल को बिगाड़ने वालों की खैर नहीं- रांची डीसी
रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री डीसी ने कहा कि बंद से निपटने को लेकर हर स्तर पर तैयारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने संयम बरता, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने छात्रों की ओट में माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की, जिसे नाकाम कर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ में शामिल अवांछित तत्वों की वीडियो फुटेज के जरिए पहचान की जाएगी। इसके बाद कार्रवाई होगी। इधर, घेराव में शामिल होने बाहर से आए छात्रों की सुरक्षित घर वापसी के लिए भी जिला प्रशासन ने पहल की है। छात्रों को घर लौटने के लिए जिला प्रशासन ने परिवहन की व्यवस्था की है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9162738438 जारी किया गया है।
8.40 AM: Jharkhand Protest Live: रांची के अधिकांश स्कूल आज रहेंगे बंद
राजधानी रांची के अधिकांश स्कूलों ने मंगलवार को बंद रखने की घोषणा की है। डीपीएस, लेडी केसी राय स्कूल, जेवीएम श्यामली सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कैंब्रियन स्कूल, ऑक्सफोर्ड स्कूल, सच्चिदानंद स्कूल, शारदा ग्लोबल स्कूल, मेरे नन्हे कदम स्कूल, ग्रीनलैंड पब्लिक स्कूल, चिरंजीव पब्लिक स्कूल, मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल, सरला बिरला स्कूल, श्रद्धानंद बाल मंदिर स्कूल, सेवंथ स्टार एकेडमी, संत माइकल स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल, ब्रिजफोर्ड स्कूल, टेंडर हार्ट स्कूल, ओडीएम सफायर स्कूल डीएवी नंदराज बरियातू, संत माइकल प्ले स्कूल, जी एंड एच स्कूल, सेंट्रल एकेडमी, लाला लाजपत राय स्कूल, नोवल किड्स प्ले स्कूल, यूरो किड्स मोराबादी और कांके, ड्रीमर डेन प्री स्कूल, कोलकाता पब्लिक स्कूल, सृजन वैली स्कूल, ईस्ट प्वाइंट स्कूल, सेंट थॉमस स्कूल, डीएवी कपिलदेव, डीएवी बारियातू, डीएवी गांधीनगर आदि ने स्कूल बंद रखने का नोटिस जारी किया है।


