पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले बिक्रम साऊ की नींद हराम, पाकिस्तान से मिल रहीं धमकियां

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले बिक्रम साऊ को पाकिस्तान और बांग्लादेश के नंबरों से धमकियां मिल रही हैं। उनका कहना है कि फोन और वॉट्सऐप पर उन्हें धमकी वाले फोन आते हैं। उनका परिवार डर के साये में है।

पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले बिक्रम साऊ की नींद हराम, पाकिस्तान से मिल रहीं धमकियां

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान झालमुड़ी खाकर एक दुकानदार को भी एक ही दिन में फेमस कर दिया। पीएम मोदी तो झालमुड़ी खाकर चले गए लेकिन उनका वीडियो इस कदर वायरल हो गया कि बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में झालमुड़ी एक चुनावी नारे की तरह इस्तेमाल होने लगा। वहीं पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार के पास भी लोगों का तांता लगने लगा। अब एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकियां दी जा रही हैं। इनमें से कुछ नंबर पाकिस्तान के भी बताए गए हैं।

दुकानदार का कहना है कि धमकियों की वजह से उनका परिवार डर के साये के बीच रह रहा है। दुकानदार का नाम विक्रम साऊ है। प्रधानमंत्री मोदी ने विक्रम साऊ की दुकान से झालमुड़ी खरीदकर खाई थी और उनसे कुछ चर्चा भी की थी। विक्रम का कहना है कि उन्हें अचानक लोकप्रियता तो मिल गई लेकिन अब उन्हें डरकर रहना पड़ रहा है।

पाकिस्तान और बांग्लादेश से धमकियां

विक्रम का कहना है कि उनके मोबाइल फोन पर पाकिस्तान और बांग्लादेश के नंबरों से फोन आते हैं। इसके अलावा वॉट्सऐप कॉल करके उन्हें और परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती है। इन धमकियों के बाद विक्रम साऊ काफी परेशानी में हैं। उन्होंने स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू की गई है। अंतरराष्ट्रीय नंबरों से इस तरह की धमकी मिलना गंभीर विषय है।

ऐक्टर्स पर एफआईआर

बंगाल में 2021 के चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने के आरोप में अभिनेता परमब्रत चट्टोपाध्याय और अभिनेत्री स्वास्तिका मुखर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत गरियाहाट थाने में अधिवक्ता जॉयदीप सेन द्वारा दर्ज कराई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि दोनों कलाकारों ने सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणियां की थीं जो मई 2021 में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद तनावपूर्ण माहौल में राजनीतिक हिंसा को भड़का सकती थीं।

शिकायत के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस द्वारा बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद परमब्रत ने दो मई 2021 को 'एक्स' (तब ट्विटर) पर पोस्ट किया था, ''आज के दिन को विश्व पिटाई दिवस घोषित किया जाए।'' स्वास्तिका ने कथित तौर पर उस पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा था, ''हाहाहा, जाने दो।'' शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियों से राज्य भर में चुनाव के बाद की अशांति के दौरान राजनीतिक शत्रुता और हिंसा का माहौल बना।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें