अखिलेश के 'चवन्नी' वाले बयान पर बरसे जयंत चौधरी, बोले- जाट समुदाय का अपमान पतन का रास्ता

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

अखिलेश यादव का यह तंज जनवरी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के समय दिए गए जयंत चौधरी के उस पुराने बयान से जोड़कर देखा गया जब दोनों दल गठबंधन में थे।

अखिलेश के 'चवन्नी' वाले बयान पर बरसे जयंत चौधरी, बोले- जाट समुदाय का अपमान पतन का रास्ता
अखिलेश यादव के चवन्नी वाली बयान को लेकर जयंत चौघरी हमलावर हैं। (फाइल फोटो)

समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 'चवन्नी को रुपया बना दिया' वाले बयान पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने जोरदार पलटवार किया है। जयंत चौधरी ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव को चेतावनी दी कि इस तरह का राजनीतिक अहंकार केवल पतन का कारण बनता है। जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए लिखा कि अगर राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में घटिया शब्दों का प्रयोग ही करना था तो उनका नाम लेकर हमला किया जा सकता था। उन्होंने सीधे तौर पर सवाल उठाया कि इस बहाने जाट समुदाय को निशाना बनाना और "ABCD हमने सिखाई" जैसी बयानबाजी करना पूरी तरह गलत है।

आरएलडी प्रमुख ने कहा, "सियासत की लड़ाई में कुछ सस्ते शब्द बोलने ही थे तो मेरा नाम लेकर बोल देते, कोई बात नहीं थी… जाट समाज को टारगेट करना और कहना ABCD हमने सिखाई? मैं इस अहंकार को देख चुका हूं करीब से और मानता हूं ऐसा आचरण सिर्फ पतन लाता है!"

राजभर ने भी सुनाया

इस मुद्दे पर ओम प्रकाश राजभर नेकी भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव ने निश्चित रूप से जाट समुदाय का अपमान किया है। जाट समुदाय ने ही मुलायम सिंह जी को मुख्यमंत्री बनाया था और आज वे उसी जाट समुदाय के खिलाफ बातें कर रहे हैं। उन्हें अपने पिता का इतिहास पढ़ना चाहिए। अगर किसी ने उनके पिता को नेता बनाने का काम किया था, तो वे चौधरी चरण सिंह थे और अब वे उन्हीं पर और उसी समुदाय पर उंगली उठा रहे हैं। उन्हें इसके नतीजे भुगतने होंगे। हमारा कहना है कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्हें खुद समझ नहीं आता कि वे किससे और कब क्या कह रहे हैं।"

क्या था अखिलेश यादव का 'चवन्नी' वाला बयान?

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब अखिलेश यादव ने हाल ही में एक कार्यक्रम में बिना किसी का नाम लिए टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, "हम लोगों ने चवन्नी को रुपया बना दिया, फिर भी छोड़कर चले गए।" अखिलेश यादव का यह तंज जनवरी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के समय दिए गए जयंत चौधरी के उस पुराने बयान से जोड़कर देखा गया जब दोनों दल गठबंधन में थे। तब जयंत चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ जाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था, "मैं कोई चवन्नी हूं जो पलट जाऊंगा?"

वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव सपा और आरएलडी ने साथ मिलकर लड़ा था। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आरएलडी ने सपा से अपना नाता तोड़ लिया और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल हो गई। एनडीए की सरकार बनने के बाद जयंत चौधरी को मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री बनाया गया।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाट समुदाय एक बेहद प्रभावशाली वर्ग माना जाता है। अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस बयानबाजी ने राजनीतिक पारे को बढ़ा दिया है। जयंत चौधरी के समर्थन में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने भी अखिलेश यादव के इस बयान की निंदा की है और इसे जाट समाज व पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की विरासत का अपमान बताते हुए उनसे माफी की मांग की है।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअखिलेश के 'चवन्नी' वाले बयान पर बरसे जयंत, बोले- यह जाट समुदाय का अपमान