बेनजीर से शादी के बाद... 4% हिंदू आबादी को लेकर PAK राष्ट्रपति के बयान पर जावेद अख्तर का तंज
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के 4 प्रतिशत हिंदू आबादी को टॉलरेट करने वाले बयान पर जावेद अख्तर ने जवाब दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 4 प्रतिशत को टॉलरेट करने वाले जरदारी के बयान को समझ सकते हैं, क्योंकि वह 10 प्रतिशत से नीचे परेशान हो जाते हैं।

Javed Akhtar took a dig at Asif Ali Zardari: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के 4 प्रतिशत हिंदू आबादी को टॉलरेट करने वाले बयान पर जावेद अख्तर ने तंज कसा है। उन्होंने आसिफ अली जरदारी पर 'मिस्टर 10 परसेंट' वाला तंज कसते हुए कहा कि वह समझ सकते हैं कि 4 प्रतिशत को झेल ही रहे होंगे, क्योंकि 10 प्रतिशत से नीचे उन्हें (जरदारी को) कुछ भी पसंद नहीं है। बता दें, आसिफ अली जरदारी को लेकर पाकिस्तान में यह चर्चा थी की सत्ता में रहने के दौरान वह हर प्रोजेक्ट पर 10 प्रतिशत हिस्सा कमीशन लेते थे।
जरदारी के बयान पर जावेद अख्तर ने कसा तंज
पाकिस्तान की आजादी के दिन यानी 14 अगस्त के मौके पर जनता को संबोधित करते हुए जरदारी ने कहा था कि पाकिस्तान में 4 प्रतिशत हिंदू हैं और देश उनको टॉलरेट करता है। इस पर मशहूर फिल्मकार और संगीतकार जावेद अख्तर ने खुलकर तंज कसा। उन्होंने लिखा, "पाकिस्तान के मिस्टर जरदारी, जो कि बेनजीर भुट्टो से शादी करके लाइमलाइट में आए थे। उनका कहना है कि वह अपने देश में मौजूद 3-4 फीसदी हिंदू आबादी को टॉलरेट करते हैं। मैं समझ सकता हूं, मिस्टर जरदारी। आप हमेशा से 10 प्रतिशत से नीचे पर परेशान ही होते हैं।"
गौरतलब है कि आसिफ अली जरदारी ने पाकिस्तान के मशहूर जुल्फिकार अली भुट्टो खानदान की बेटी बेनजीर भुट्टो से 1987 में शादी की थी। इसके ठीक कुछ समय बाद ही बेनजीर पाकिस्तान की पहली महिला प्रधानमंत्री बन गईं। यहां से आसिफ अली जरदारी भी लगातार राजनीति में रहे। ऐसा कहा जाता है कि सत्ता में रहने के दौरान वह हर प्रोजेक्ट में 10 प्रतिशत की हिस्सेदारी लेते थे। इसलिए पाकिस्तान में उन्हें 'मिस्टर 10 परसेंट' भी कहा जाता है।
क्या कहा था आसिफ अली जरदारी ने?
14 अगस्त को पाकिस्तान की आजादी समारोह में भाषण देते हुए जरदारी ने एक बार फिर से दो राष्ट्र सिद्धांत की बात की। उन्होंने कहा, "भारतीय अखंड भारत में विश्वास करते हैं। लेकिन हम मुसलमान हैं। वह नहीं है। लेकिन हम ऐसी सोच वाले मुसलमान हैं, जो सहिष्णुता में विश्वास करते हैं। पाकिस्तान में करीब 3 से 4 फीसदी हिंदू आबादी है। वे यहां भी उतने ही स्वतंत्र हैं, जितने कही और होंगे। हम उनके साथ सहिष्णु हैं। वे भारत के साथ जाने के बजाय हमारे साथ रहना पसंद करेंगे।"
बता दें, 2007 में बेनजीर भुट्टो की मौत के बाद आसिफ अली जरदारी ने पार्टी को संभाला और यहां से उनके बेटे बिलावल भुट्टो जरदारी का उदय होना शुरू हुआ। कभी एक दूसरे के धुर विरोधी रहे जरदारी और शरीफ परिवार ने इमरान खान की पार्टी के आने के बाद एक साथ आने का फैसला किया। वर्तमान में जरदारी पाकिस्तान के राष्ट्रपति हैं और शहबाज शरीफ प्रधानमंत्री। वहीं, दूसरी तरफ इमरान खान जेल में हैं।


