जम्मू और श्रीनगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू, 50 मिनट में तय होगा 272 किमी का सफर
जम्मू और श्रीनगर के बीच पहली सीधी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शनिवार को धूमधाम से शुरू हो गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दो दिन पहले इसका उद्घाटन किया था। अधिकारियों के अनुसार, 20 डिब्बों वाली यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।

जम्मू और श्रीनगर के बीच पहली सीधी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन शनिवार को धूमधाम से शुरू हो गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दो दिन पहले इसका उद्घाटन किया था। अधिकारियों के अनुसार, 20 डिब्बों वाली यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी और इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर पांच घंटे से कम हो जाएगा। पहले यह ट्रेन श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलती थी, लेकिन अब यह जम्मू तवी तक जाएगी। फूलों से सजी यह ट्रेन जम्मू रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात से श्रीनगर के लिए रवाना हुई।
कटरा नहीं, जम्मू तवी तक जाएगी
यह सेमी-हाई स्पीड ट्रेन जम्मू तवी से श्रीनगर तक लगभग 272 किलोमीटर की दूरी चार घंटे 50 मिनट में तय करेगी जबकि सड़क मार्ग से यात्रा करने में 12 से 24 घंटे तक लगते हैं। इस मार्ग पर रोजाना दो ट्रेनें चलेंगी, जिससे पर्यटकों और तीर्थयात्रियों समेत यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेंगे। समय सारिणी के अनुसार, पहली ट्रेन सुबह 6:20 बजे जम्मू तवी से चलेगी और पूर्वाह्न 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी, बीच में रियासी और बनिहाल जैसे स्टेशनों पर ठहरेगी। वापसी में यह ट्रेन अपराह्न दो बजे श्रीनगर से चलेगी और शाम 6:50 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी।
बदलते भारत की झलक
पहली यात्रा के दौरान एक ट्रेन में लगभग 940 यात्री और दूसरी में 995 यात्री सवार थे। वापसी के दौरान दोनों ट्रेनों में कुल 1,990 से अधिक यात्रियों ने सफर किया। यात्रियों ने इस सेवा की शुरुआत पर खुशी जाहिर की। बनिहाल के एक यात्री ने कहा कि इस ट्रेन से समय की बचत होगी और सड़क यात्रा की अनिश्चितताएं खत्म होंगी। जम्मू की सुनीता शर्मा ने इसे दोनों क्षेत्रों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया जबकि अखनूर के मुर्तजा शरीफ ने कहा कि अब लोग सुबह जाकर शाम को लौट सकते हैं। अमृतसर के पर्यटक अरविंद सिंह ने इस सेवा को सुरक्षित बताते हुए कहा कि यह कश्मीर में बेहतर रेल संपर्क और ‘बदलते भारत’ की झलक है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


