दिल्ली और कश्मीर में अलग बात नहीं करता; केंद्र की तारीफ कर घिरे उमर अब्दुल्ला की सफाई
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वह उन लोगों में से नहीं है, जो राजनीति में लोगों को गुमराह करें। केंद्र सरकार के ऊपर नरम रुख अपनाने का आरोप लगने के बाद उमर ने कहा कि वह दिल्ली और कश्मीर दोनों जगह केंद्र की मोदी सरकार से मिलने वाली फंडिंग की तारीफ करते हैं।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला लगातार अपने बयानों से इंडिया गठबंधन के लिए मुश्किल खड़ी कर रहे हैं। एक तरफ इंडिया गठबंधन के सदस्य जहां पूरी तरह से केंद्र की मोदी सरकार पर हावी होना चाहते हैं, तो वहीं उमर बीच-बीच में सरकार की तारीफ कर पूरा दबाव हवा कर देते हैं। इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने एक बार फिर केंद्र से मिलने वाली फंडिंग की तारीफ की है। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि उनकी तारीफ किसी को खुश करने में नहीं है और वह जगह के हिसाब से अपनी बात नहीं बदलते।
एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए उमर ने बताया कि वह अपनी बात को साफ-साफ रखना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं उन लोगों में से नहीं हूं, जो कि राजनीति करते हुए लोगों को गुमराह करें। जहां तक केंद्र सरकार अच्छा काम करती है, वहां तक मैं उसकी सराहना करता हूं और जहां कमी है, वहां खुलकर आलोचना भी करता हूं।"
मुख्यमंत्री पद संभालने और उससे पहले भी लगातार राज्य का दर्जा बहाल करवाने की मांग करते रहे अब्दुल्ला ने कहा कि बस इसी मुद्दे पर केंद्र सरकार की उदारता ठंडी पड़ जाती है। बाकी इसे छोड़ दिया जाए, तो उन्हें केंद्र सरकार से कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने कहा, "सच बताऊं तो इसके अलावा अन्य मुद्दों पर केंद्र सरकार ने हमें शिकायत का मौका नहीं दिया... वह बस पूर्ण राज्य वाले मुद्दे पर आगे नहीं बढ़ते, वहां पर शिकायतों के सिवा कुछ नहीं मिला।
दरअसल, यह पूरा मामला उमर अब्दुल्ला के हालिया साक्षात्कारों में उनके द्वारा केंद्र की तारीफ से जुड़ा हुआ है। उमर की पार्टी के साथी और कश्मीर के अन्य नेता लगातार उनके ऊपर भाजपा की तरफ नरम रुख अपनाने का आरोप लगाते हैं। हाल ही में जब उन्होंने केंद्र की तारीफ की तो उनके ऊपर आरोप लगाया गया कि वह दिल्ली में भाजपा की तारीफ करते हैं, जबकि कश्मीर आकर आलोचना करने लगते हैं। इसी बात का जवाब देते हुए उमर ने कहा कि वह दिल्ली या कश्मीर में अलग बात नहीं करते। वह हमेशा से ही केंद्र की उदार फंडिंग की तारीफ करते रहे हैं और जहां सरकार गलत है, वहां पर उनकी आलोचना भी की है।
उमर ने कहा, "मैं किसी को खुश करने के लिए झूठ बोलने का सहारा नहीं लूंगा। मैं यह बात सिर्फ दिल्ली में नहीं कह रहा हूं, बल्कि कश्मीर में सभी के सामने भी कहता हूं। मैं इसे विधानसभा से लेकर सार्वजनिक जगहों पर भी कहता आया हूं।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



