भारत और बांग्लादेश के रिश्तों पर जयशंकर की सीधी बात, पाकिस्तान को बताया 'अनोखा देश'
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान को अनोखा देश करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह इसलिए अनोखा है क्योंकि दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जो सुनियोजित तरीके से लगातार आतंकवाद का इस्तेमाल करता है। उन्होंने भारत और पाकिस्तान संबंधों पर भी बात की।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत के उसके पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों पर खुलकर बात की है। उन्होंने बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद दोनों देशों के संबंधों को लेकर कहा कि किसी भी रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए 'साझा हित' जरूरी होते हैं। वहीं, दूसरी ओर पाकिस्तान पर तंज कसते हुए जयशंकर ने कहा कि वह दुनिया का ऐसा अनोखा देश है, जो अपने पड़ोसी पर हमला करने के लिए सुनियोजित आतंकवाद का प्रयोग करता है।
इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम में अपनी बात को रखते हुए विदेश मंत्री भारत की विदेश नीति पर भी चर्चा की। जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना को प्रत्यर्पित करने के बारे में सोच रहा है। इस सवाल का सीधा जवाब न देते हुए विदेश मंत्री ने कहा, "मैं इतना कह सकता हूं कि किसी भी रिश्ते को आगे बढ़ने के लिए उसे पारस्परिक हित की कसौटी पर खरा उतरना होगा। यह हमारे लिए भी हितकारी होना चाहिए।"
बांग्लादेश पीएम तारिक रहमान के भारत दौरे की चर्चा
विदेश मंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की बहुप्रतीक्षित भारत यात्रा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्ष अगले कुछ सप्ताह में इस यात्रा की संभावना तलाशने के लिए पर्दे के पीछे बातचीत जारी रखे हुए हैं। विदेश मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि भारत ने रहमान को द्विपक्षीय यात्रा के साथ-साथ नयी दिल्ली में होने वाले आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के संपर्क सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
हाल ही में बांग्लादेश में भारत के राजदूत दिनेश त्रिवेदी ने भी इस बात का जिक्र किया था कि पीएम मोदी चाहते हैं कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा यादगार रहे।
पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों पर बोले जयशंकर
पड़ोसी देशों के साथ संबंध को लेकर विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि हम किसी से यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वह हमारे हितों में ही काम करें। उन्होंने कहा, "मैं यह उम्मीद नहीं करता कि पड़ोसी देश केवल वही करें, जो हमारे हित में हो। मुझे भी उनके हितों को समझने और उनका सम्मान करने की कोशिश करनी चाहिए, जैसा कि मैं भी उनसे ऐसी ही अपेक्षा करता हूं।'' उन्होंने जोर देकर कहा कि जब दो देश एक साझा बिंदु पर पहुंचते हैं, तभी संबंध समान रूप से आगे बढ़ते हैं और दोनों को लाभ होता है।
पाकिस्तान आतंकवाद का इस्तेमाल करने वाला अनोखा देश- जयशंकर
पाकिस्तान को लेकर बात करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान दुनिया का सबसे अनोखा देश है। जयशंकर ने कहा, ''वह इसलिए अनोखा है क्योंकि आज के दौर में ऐसा कोई दूसरा देश नहीं है, जो किसी अन्य पड़ोसी देश पर हमला करने और दबाव बनाने के लिए लगातार और इतने सुनियोजित तरीके से आतंकवाद का इस्तेमाल करता हो।''
पाकिस्तान द्वारा हाल ही में तुर्किए और सऊदी अरब के साथ किए गए मक्का समझौते पर भी अपनी राय का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में अभी युद्ध के हालात हैं। ऐसे में इस समझौते का कहां है।
वहीं, पाकिस्तान और अमेरिका के संबंधों का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों का ''लंबा इतिहास'' रहा है। उन्होंने कहा, ''अब काफी हद तक हमने अमेरिका के साथ अपने संबंध खुद विकसित किए हैं, लेकिन यहां महत्वपूर्ण बात यह है कि पाकिस्तान सिर्फ इसलिए अनोखा नहीं है कि वह भारत का पड़ोसी है। हमारे अन्य पड़ोसी भी हैं। ऐसे दूसरे देश भी हैं, जिनके बीच मतभेद हैं।''


