इतना तो बता दीजिए, धनखड़ जी अस्पताल में हैं या योग कर रहे? कपिल सिब्बल का अमित शाह पर तंज
जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उपराष्ट्रपति के रूप में उनका कार्यकाल 10 अगस्त 2027 को समाप्त होना था। अब नए VP को चुनने के लिए 9 सितंबर को चुनाव होने हैं।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के बारे में कोई पुख्ता सूचना नहीं मिलने पर विपक्षी कांग्रेस समेत तमाम दल केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। ताजा कड़ी में कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए पूछा है कि इतना तो ता दीजिए कि धनखड़ साहब अस्पताल में भर्ती हैं या योग कर रहे हैं। सिब्बल ने इस बारे में सोशल मीडिया पर 'लापता धनखड़' शीर्षक दे अमित शाह से सवाल पूछे हैं।
सिब्बल ने लिखा है, “लापता धनखड़... अमित शाह जी: मुझे मालूम है कि आप असत्य से दूर रहते हैं। हमें इतना तो बता दीजिए कि धनखड़ जी क्या: हॉस्पिटल में हैं या फिर योग कर रहे हैं? या फिरटेबल टेनिस खेल रहे हैं?”
शाह ने कहा था कुछ खोजने की जरूरत नहीं
एक दिन पहले ही अमित शाह ने जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर खुलकर बात की थी और कहा था कि उन्होंने अपने स्वास्थ्य के चलते उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था और इसमें किसी को कुछ खोजने की जरूरत नहीं है। लगे हाथ शाह ने कहा था कि संवैधानिक पद पर रहते हुए धनखड़ जी ने अच्छा काम किया था।
योगाभ्यास करने की आई थी खबरें
कछ दिनों पहले ऐसी खबर आई थी कि पिछले महीने उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने वाले जगदीप धनखड़ अपने परिवार के साथ समय बिताने के साथ ही नियमित रूप से योगाभ्यास कर रहे हैं और टेबल टेनिस खेल रहे हैं। अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने से पहले धनखड़ जब पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे, तब उन्होंने शौकिया टेबल टेनिस खेलना शुरू किया था।
धनखड़ की दिनचर्या से वाकिफ लोगों ने बताया कि वह नियमित रूप से योग अभ्यास करते हैं और उपराष्ट्रपति एनक्लेव में अपने शुभचिंतकों व स्टाफ सदस्यों के साथ टेबल टेनिस खेलते हैं। पूर्व उपराष्ट्रपति की दिनचर्या से अवगत एक व्यक्ति ने बताया, “यहां तक कि यात्रा से लौटने के बाद भी वह अपने स्टाफ सदस्यों के साथ टेबल टेनिस खेलते थे।”
पिछले महीने धनखड़ ने अचानक दे दिया था इस्तीफा
धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उपराष्ट्रपति के रूप में धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 को समाप्त होना था। अब उनके उत्तराधिकारी को चुनने के लिए नौ सितंबर को चुनाव होने हैं। केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को उनके खिलाफ मैदान में उतारा है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।


