शाहरुख खान कोई हीरो नहीं, उनका रुख देशद्रोही; क्यों भड़के जगद्गुरू रामभद्राचार्य
जगद्गुरू रामभद्राचार्य ने बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कोई हीरो नहीं है, उनका कोई चरित्र नहीं है। निरंतर उनका रुख देश द्रोही रहा है।

Jagadguru Rambhadracharya about ShahRukh Khan: जगद्गुरू रामभद्राचार्य ने बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि शाहरुख खान कोई हीरो नहीं है, उनका कोई चरित्र नहीं है। उनका रुख हमेशा देशद्रोही रहा है। इसके अलावा जगद्गुरू ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी द्वारा बनवाए जा रहे महाकाल मंदिर को चुनावी लीला बताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम कहेंगे कि भगवान उनको सद्बुद्धि दें। दरअसल, जगदगुरू यहां पर बांग्लादेश हिंसा के बीच आईपीएल के लिए बांग्लादेशी बॉलर मुस्ताफिजुर रहमान को खरीदे जाने पर अपनी राय दे रहे थे।
एएनआई से बात करते हुए जगद्गुरू रामभद्राचार्य से जब पूछा गया कि बॉलीवुड के हीरो शाहरुख खान आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खिलाना चाहते हैं। इस पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण हैं, वह तो करेंगे ही, वह कोई हीरो नहीं है। उनका कोई चरित्र नहीं है, उनका रुख निरंतर देशद्रोही रहा है।"
दरअसल, हाल के दिनों में शाहरुख खान को निशाने पर लेने वाले जगद्गुरू रामभद्राचार्य पहले व्यक्ति नहीं है। इससे पहले भी आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी उनके खिलाफ बयान दिया था। इन सभी की परेशानी के पीछे बांग्लादेशी हिंसा के बाद भी शाहरुख की केकेआर द्वारा मुस्ताफिजुर रहमान को खरीदा जाना है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच भी इस मुद्दे पर बहस जारी है।
क्या है मुस्ताफिजुर का मामला?
मार्च 2026 में होने वाले आईपीएल के लिए शाहरुख की कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को अपनी टीम में शामिल किया है। आईपीएल ऑक्शन में बिकने वाले रहमान इकलौते बांग्लादेशी है। हालांकि, बांग्लादेश में जारी हिंसा और हिंदूओं पर हमलों की खबरों को देखते हुए सोशल मीडिया पर केकेआर मैनेजमेंट की काफी आलोचना हो रही है।
तमाम कयासों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने यह साफ कर दिया है कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर किसी भी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें



