इजरायली सेना ने ब्यूफोर्ट पर किया कब्जा, सूर्या चौहान हत्याकांड में बड़ा खुलासा; टॉप-5
Top News Today: उत्तर प्रदेश में सूर्यप्रताप उर्फ सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी असद के पिता नवाब ने ही बेटे को हत्या के लिए उकसाया था।

Top News Today: उत्तर प्रदेश में सूर्यप्रताप उर्फ सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी असद के पिता नवाब ने ही बेटे को हत्या के लिए उकसाया था। असद को पहले ही पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया जा चुका है। दूसरी ओर इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा कर लिया है। करीब 44 साल बाद इस किले पर इजरायली झंडा फिर लहरा रहा है। इजरायली सेना ने रविवार को बताया कि नबातियेह शहर के पास स्थित किले पर कब्जा करने से पहले आसपास के गांवों में हिजबुल्ला के साथ कई दिनों तक भीषण लड़ाई और हवाई हमले किए गए। पढ़ें आज की बड़ी खबरें...
सूर्या हत्याकांड में पिता नवाब ने बेटे असद को उकसाया
सूर्यप्रताप उर्फ सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ा खुलासा हुआ है। मुख्य आरोपी असद के पिता नवाब ने ही बेटे को हत्या के लिए उकसाया था। असद को एनकाउंटर में मार गिराया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, 28 मई को दोपहर करीब तीन बजे बाइक चलाने को लेकर सूर्या और असद के बीच विवाद हो गया। विवाद की जानकारी असद ने पिता नवाब और दोस्तों को दी, जिसके बाद सभी ने मिलकर सूर्या को सबक सिखाने की साजिश रची। उसी दिन साढ़े तीन बजे नवनीत विहार की गली नंबर-4 में सूर्या को घेरकर उसकी हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि फरहान ने असद को चाकू थमाया, जबकि नवाब ने कहा कि इसकी कहानी खत्म कर दे। पूछताछ में फरहान ने यह बात कबूली। पुलिस ने इस मामले में फरहान और आतिफ समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर...
चीन-पाकिस्तान की किसी भी दो मोर्चे की चुनौती का सामना करने को तैयार
भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने कहा है कि भारतीय नौसेना चीन और पाकिस्तान से आने वाली किसी भी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है। एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि हमने समुद्री निगरानी नेटवर्क, पानी के नीचे की निगरानी, एंटी-सबमरीन वॉरफेयर क्षमताओं और नेटवर्क-केंद्रित ऑपरेशंस को मजबूत किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नौसेना की रणनीति किसी खास देश को निशाना बनाने की नहीं, बल्कि क्षमता और खतरे के आकलन पर आधारित है। भारतीय महासागर क्षेत्र (IOR) में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा को देखते हुए नौसेना अपनी क्षमताएं लगातार बढ़ा रही है। पढ़ें पूरी खबर...
पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर शाहजाद भट्टी भारत में बना ‘मोस्ट वांटेड’
पाकिस्तानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शाहजाद भट्टी अब भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे बड़े खतरे में शुमार हो गया है। खुद को बिजनेसमैन और देशभक्त बताने वाला यह शख्स सीमा पार से चलने वाले अपराध और आतंकी नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार बन चुका है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शनिवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और गुजरात से 9 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनके भट्टी के नेटवर्क से संबंध थे। इन पर दिल्ली के एक प्रसिद्ध मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित ढाबे और हरियाणा के एक सैन्य ठिकाने पर हमले की साजिश रचने का आरोप है। पढ़ें पूरी खबर...
44 साल बाद ब्यूफोर्ट किले पर फिर लहराया इजरायली झंडा
इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा कर लिया है। करीब 44 साल बाद इस किले पर इजरायली झंडा लहरा रहा है। इजरायली सेना ने रविवार को बताया कि नबातियेह शहर के पास स्थित इस किले पर कब्जा करने से पहले आसपास के गांवों में हिजबुल्ला के साथ कई दिन तक भीषण लड़ाई और हवाई हमले किए गए। यह 26 साल में लेबनान के अंदर इजरायली सेना का सबसे गहरा घुसपैठ अभियान है। पढ़ें पूरी खबर...
ईरान का दावा- अमेरिकी MQ-1 प्रेडेटर ड्रोन मार गिराया
ईरान ने दावा किया है कि उसने अपने हवाई क्षेत्र में घुस आए एक अमेरिकी MQ-1 प्रेडेटर ड्रोन को मार गिराया है। ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक, रविवार सुबह ड्रोन को सर्विलांस सिस्टम ने ट्रैक किया और एयर डिफेंस मिसाइलों से नष्ट कर दिया गया। ईरान ने इसे 'शत्रुतापूर्ण अभियान' बताया। इस घटना के बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज समेत अपने क्षेत्रीय जलक्षेत्र पर फिर से संप्रभुता का दावा किया और चेतावनी दी कि सभी जहाजों को IRGC नेवी की अनुमति लेनी होगी, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। पढ़ें पूरी खबर...
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें


