नेतन्याहू ने भारतीय पायलट को बताया सच्चा हीरो, प्लेन हाइजैक होने से बचाया; दांव पर थी 174 लोगों की जान

लाइव हिन्दुस्तान
share

विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने के लिए भारतीय कैप्टन अपने को-पायलट से भिड़ गया। सामने आई तस्वीरों में स्मित मच्छार खून से लथपथ नजर आ रहे हैं। क्या बोले नेतन्याहू?

Israel PM Netanyahu
नेतन्याहू ने भारतीय पायलट की सराहना की है

भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने बुधवार को 9/11 जैसे हमले को टाल दिया। अब इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्मित मच्छार की असाधारण बहादुरी की जमकर सराहना की है। नेतन्याहू ने उन्हें सच्चा हीरो बताते हुए सलाम किया है। इससे पहले मच्छार ने अपनी जान पर खेलकर फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट को हाईजैक और क्रैश कराने की कोशिश से बचाया था। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 ने सऊदी अरब के तबुक की ओर मुड़ने से पहले आपातकालीन सिग्नल भेजे और तेजी से नीचे की ओर जाने लगी।

बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान पर खेलकर 174 लोगों की जान बचायी। उन्होंने भारतीय पायलट को सच्चा हीरो बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है। नेतन्याहू ने अपने पोस्ट में लिखा, “मैं असाधारण बहादुरी के लिए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को सलाम करता हूं। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने लड़ाई लड़ी, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों और क्रू को हमलावर को काबू करने में मदद की। उन्होंने 174 लोगों की जान बचाई। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं, वे एक सच्चे हीरो हैं।”

स्मित मच्छार ने बचाई 174 लोगों की जान

गौरतलब है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में उड़ान के दौरान को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया और विमान को क्रैश करने की कोशिश की। बुरी तरह लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हमलावर से मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों और केबिन क्रू को कॉकपिट के अंदर आकर हमलावर को काबू करने का मौका मिला। घटना के बाद विमान की सऊदी अरब के तबूक हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करायी गई, जहां कैप्टन का इलाज जारी है। हालांकि घटना के कुछ घंटों के बाद यात्री फ्लाईदुबई के दूसरे विमान से तेल अवीव लौट गए।

कैसे बचा विमान?

समाचार वेबसाइट वाईनेट ने इजरायली अधिकारियों के हवाले से बताया कि सह-पायलट ओमान का नागरिक है। इजरायली प्रधानमंत्री ने एक अलग बयान में बताया कि को-पायलट ने पायलट को चाकू घोंप दिया और उसने विमान को गिराने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि एक इजरायली यात्री ने उन्हें जानकारी दी कि विमान घूमने लगा और नीचे की ओर जाने लगा। इसके बाद यात्री और चालक दल का एक सदस्य कॉकपिट में घुसने और उस पायलट को काबू करने में सफल रहे जिसने चाकू मारा था और विमान की संचालन प्रणाली को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था।

नेतान्याहू के मुताबिक इसके बाद चालक दल का एक और सदस्य कॉकपिट में घुसा और उसने विमान को स्थिर करने में मदद की। उन्होंने कहा, ''मैं उन नायकों को सलाम करता हूं जिन्होंने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कई जिंदगियां बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया।'' उन्होंने बताया कि विमान सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

हमलवार गिरफ्तार

नेतन्याहू ने यह भी कहा कि चाकू से हमला करने वाले पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है और सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। तबुक हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि दोनों पायलट घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फ्लाईदुबई ने भी पुष्टि की कि उड़ान के दौरान विमान में एक घटना हुई और यह तबुक में सुरक्षित रूप से उतर गया। एयरलाइन ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग कर रही है और सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना की जांच जारी है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsनेतन्याहू ने भारतीय पायलट को बताया सच्चा हीरो, जान पर खेल 174 लोगों को बचाया