आखिर मान गया इजरायल, भारतीय पायलट स्मित मच्छार को देगा मेडल; राष्ट्रपति ने किया ऐलान

लाइव हिन्दुस्तान, तेल अवीव
share

फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छार को इजरायल नागरिक वीरता के राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित करेगा। सह-पायलट के कथित हमले के बाद विमान 30 सेकंड से भी कम समय में 14 हजार फीट नीचे आ गया था।

भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार (फाइल फोटो)
भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार (फाइल फोटो)

इजरायल भारतीय पायलट स्मित मच्छार को नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित करेगा। फ्लाईदुबई की तेल अवीव जा रही उड़ान में उनके सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। इसके बावजूद स्मित ने ऐसी बहादुरी और पेशेवर सूझबूझ दिखाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की।

राष्ट्रपति हर्जोग ने कहा कि कैप्टन मच्छार की असाधारण बहादुरी और पेशेवर दक्षता ने एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। उन्होंने कहा कि स्मित के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें इजरायल की ओर से नागरिक वीरता का राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान करना उनके लिए सम्मान की बात होगी।

बता दें कि इससे पहले इजरायल ने केवल अपने उन नागरिकों को राष्ट्रपति मेडल से सम्मानित करने का ऐलान किया था जिन्होंने फ्लाइट में बहादुरी दिखाते हुए हमलावर पायलट को पकड़ा और घायल कैप्टन मच्छार का इलाज किया। इसके बाद लोगों ने सवाल उठाए कि भारतीय पायलट स्मित मच्छार को सम्मानित क्यों नहीं किया जा रहा है।

30 सेकंड से भी कम समय में 14 हजार फीट नीचे आ गया था विमान

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले महीने फ्लाईदुबई की तेल अवीव जा रही उड़ान में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके सह-पायलट ने हमला किया था। आरोप है कि सह-पायलट विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश कर रहा था।

विमान में उस समय 174 लोग सवार थे। इस दौरान विमान महज 30 सेकंड से भी कम समय में करीब 14,000 फीट नीचे आ गया। ऐसे में विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की जान खतरे में पड़ गई थी।

खून से लथपथ होने के बावजूद उठाया अहम कदम

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, स्मित मच्छार खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़े थे। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की।

उनके इस कदम से यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर सह-पायलट पर काबू पाने का मौका मिला। इसके बाद विमान में मौजूद फ्लाईदुबई के दूसरे पायलटों की एक जोड़ी ने विमान का कंट्रोल संभाला।

आखिरकार विमान को सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतार लिया गया। इजरायल के राष्ट्रपति ने इसी बहादुरी और पेशेवर दक्षता के लिए स्मित मच्छार को नागरिक वीरता पुरस्कार देने की घोषणा की है।

कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा: विदेश मंत्रालय

फ्लाईदुबई के एक विमान में अपने सह-पायलट के हमले में घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार का अबू धाबी के एक अस्पताल में ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, "कैप्टन मच्छार अबू धाबी के एक अस्पताल में हैं। यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) में हमारा दूतावास उनके परिवार, चिकित्सकों, अस्पताल और वहां के स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है, ताकि उनकी सेहत के बारे में ताजा जानकारी मिलती रहे।"

जायसवाल ने कहा, "हमें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार उनकी सेहत में सुधार हो रहा है और ऑपरेशन के बाद अब वह ठीक होने की प्रक्रिया में हैं। इलाज का अच्छा असर हो रहा है।" तीस सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में मच्छार पर उनके सह-पायलट ने हमला किया था। सह-पायलट ओमान का नागरिक है और उसने कॉकपिट में आमतौर पर आपात स्थिति में इस्तेमाल के लिए रखी जाने वाली कुल्हाड़ी से उन पर हमला किया था। इस हमले में मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। इजरायल जा रहे इस विमान में 174 यात्री सवार थे।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsआखिर मान गया इजरायल, भारतीय पायलट स्मित मच्छार को देगा मेडल; राष्ट्रपति का ऐलान