Hindi NewsIndia NewsIsrael bids final farewell to Nepali student Read Top 5 News Today
इजरायल ने नेपाली छात्र को दी अंतिम विदाई, रूस के गैस प्लांट पर हमला; पढ़ें टॉप 5 न्यूज

इजरायल ने नेपाली छात्र को दी अंतिम विदाई, रूस के गैस प्लांट पर हमला; पढ़ें टॉप 5 न्यूज

संक्षेप:

कृषि छात्र जोशी इजरायल के विदेश मंत्रालय से संबद्ध अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एजेंसी माशाव के तहत संचालित वैश्विक कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत इजरायल पहुंचे थे। 7 अक्टूबर को किबुट्ज अलुमिम में एक सुरक्षित आश्रय स्थल से हमास ने उन्हें बंधक बना लिया था।

Sun, 19 Oct 2025 06:48 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

इजरायल ने रविवार को नेपाली छात्र को भावभीनी विदाई दी, जिसे 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने अगवा कर लिया था और बाद में हिरासत में उसकी हत्या कर दी गई थी। यह जानकारी इजरायल के विदेश मंत्रालय ने दी। मंत्रालय के अनुसार, 23 वर्षीय बिपिन जोशी का शव बेन गुरियन हवाई अड्डे पर अंतिम सम्मान के बाद नेपाल ले जाया जाएगा। हमास ने जोशी का पार्थिव शरीर पिछले मंगलवार को लौटाया था, और फॉरेंसिक जांच के माध्यम से उसकी पहचान हुई। यह श्रद्धांजलि सभा 8वीं बख्तरबंद ब्रिगेड स्मारक स्थल पर आयोजित की गई, जहां अधिकारी, सैनिकों और आम नागरिकों ने शोकाकुल होकर सिर झुकाए। कृषि छात्र जोशी इजरायल के विदेश मंत्रालय से संबद्ध अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एजेंसी माशाव के तहत संचालित वैश्विक कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत इजरायल पहुंचे थे। 7 अक्टूबर को किबुट्ज अलुमिम में एक सुरक्षित आश्रय स्थल से हमास ने उन्हें बंधक बना लिया था। कथित तौर पर, घायल होने के बावजूद जोशी ने एक ग्रेनेड को रोककर वीरतापूर्ण कार्य किया, जिससे कई लोगों की जानें बच गईं। पढ़ें आज की बड़ी खबरें....

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

यूक्रेन का रूस के गैस प्रसंस्करण संयंत्र पर ड्रोन हमला

रूस और यूक्रेन के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि में यूक्रेन ने रूस के ओरेंबर्ग क्षेत्र में स्थित दुनिया की सबसे बड़ी गैस प्रसंस्करण इकाई पर ड्रोन हमला किया। इस हमले से संयंत्र की एक कार्यशाला में जबरदस्त आग भड़क उठी। स्थानीय प्रशासक येवगेनी सोलंटसेव ने अपने टेलीग्राम चैनल पर इस घटना की आधिकारिक पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हमले से संयंत्र को मामूली क्षति पहुंची है, लेकिन कोई कर्मचारी हादसे का शिकार नहीं हुआ। आपातकालीन दल आग बुझाने में जुटा हुआ है और स्थिति पूर्णतः नियंत्रित बताई जा रही है। पढ़ें पूरी खबर...

पेरिस के प्रतिष्ठित लूव्र संग्रहालय पर चोरों का धावा, आभूषणों की चोरी

फ्रांस की राजधानी पेरिस में स्थित विश्व प्रसिद्ध लूव्र संग्रहालय को रविवार की सुबह में अचानक बंद कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, संग्रहालय से अनमोल आभूषणों की चोरी हो गई है। फ्रांस की संस्कृति मंत्री राशिदा दाती ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि चोरी की जांच तेजी से जारी है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स में खुलासा हुआ है कि चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर संग्रहालय की मशहूर गैलरी से कीमती गहनों पर हाथ साफ कर लिया। पढ़ें पूरी खबर...

अमेरिकी खुफिया एजेंसी पर चीन का साइबर हमले का आरोप

चीन ने रविवार को अमेरिका की नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (एनएसए) पर अपने नेशनल टाइम सर्विस सेंटर पर साइबर हमला करने का गंभीर आरोप लगाया। चीन के मुताबिक, इस हमले से नेटवर्क संचार, वित्तीय प्रणाली और बिजली आपूर्ति जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। राज्य सुरक्षा मंत्रालय ने वीचैट पोस्ट के जरिए दावा किया कि एनएसए ने 2022 में सेंटर के कर्मचारियों के उपकरणों से गोपनीय डेटा चुराने के लिए किसी विदेशी मोबाइल फोन ब्रांड की मैसेजिंग सेवा की कमजोरियों का फायदा उठाया। मंत्रालय ने इस ब्रांड का नाम उजागर नहीं किया। पढ़ें पूरी खबर...

कनाडा में भारतीय प्रवासियों पर सख्ती

कनाडा में भारतीय नागरिकों को 'जबरन' देश से बाहर निकाला जा रहा है। यह आंकड़ा पिछले छह वर्षों से लगातार बढ़ रहा है और 2024 में यह पूर्व के रिकॉर्ड को तोड़ सकता है। हाल के वर्षों में भारतीयों के निर्वासन की संख्या में उछाल आया है। 2019 में यह संख्या महज 625 थी, जो 2024 के कुल आंकड़ों का एक-तिहाई से भी कम है। कैनेडियन बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (सीबीएसए) के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष 28 जुलाई तक 1,891 भारतीय नागरिकों को निर्वासित किया जा चुका है। भारत दूसरे स्थान पर है, जबकि पहले नंबर पर मैक्सिको के 2,678 नागरिक हैं। पढ़ें पूरी खबर...

कर्मभूमि एक्सप्रेस हादसा, दो युवकों की ट्रेन से गिरकर मौत

छठ महोत्सव के लिए बिहार लौट रहे दो युवकों की कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई। यह दुखद घटना शनिवार रात महाराष्ट्र के नासिक रोड रेलवे स्टेशन के निकट घटी। एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसा मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बिहार के रक्सौल जा रही इस ट्रेन के नासिक रोड स्टेशन से प्रस्थान के कुछ मिनट बाद ही हुआ। स्टेशन मैनेजर प्रकाश को चलती ट्रेन से तीन यात्रियों के जेल रोड हनुमान मंदिर के आसपास धाकले नगर क्षेत्र में गिरने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद उन्होंने नासिक रेलवे अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। पढ़ें पूरी खबर...

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap
देवेन्द्र कश्यप, लाइव हिंदुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर। पटना से पत्रकारिता की शुरुआत। महुआ न्यूज, जी न्यूज, ईनाडु इंडिया, राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे बड़े संस्थानों में काम किया। करीब 11 साल से डिजिटल मीडिया में कार्यरत। MCU भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई। पटना व‍िश्‍वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस से ग्रेजुएशन। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में नेशनल, इंटरनेशनल डेस्क पर सेवा दे रहे हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।