शहजाद पूनावाला BJP छोड़ कांग्रेस में जा रहे? बड़े नेता संग मीटिंग की फोटो वायरल
शहजाद पूनावाला यानी भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रवक्ता प्राइवेट सेक्टर में काम करने की बात कही थी, लेकिन हाल ही में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के साथ आईं उनकी तस्वीरों ने चर्चाएं शुरू कर दी हैं। हालांकि, उन्होंने खुद ही इस पर सफाई दे दी है।

शहजाद पूनावाला फिलहाल राजनीति से दूर हैं, लेकिन राजनीति उनसे दूर होती नहीं दिख रही है। हाल ही में सामने आईं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के साथ उनकी तस्वीरों ने अटकलों का नया दौर शुरू कर दिया था। हालांकि, उन्होंने खुद ही फोटोज पर सफाई दी है। खास बात है कि पूनावाला पहले ही कांग्रेस में शामिल होने से इनकार कर चुके हैं।
वायरल हो रही फोटोज में नजर आ रहा है कि पूनावाला और खेड़ा दोनों साथ खड़े हैं और हाथ मिला रहे हैं। वहीं, पूनावाला ने इस फोटो के पीछे की कहानी एक्स पर बताई है। उन्होंने कहा है कि यह तस्वीर एडिट कर शेयर की गई है और एक कार्यक्रम के दौरान ली गई थी। उन्होंने कांग्रेस में जाने से जुड़ी अटकलों पर विराम एक बार फिर लगा दिया है।
क्या बोले शहजाद पूनावाला
उन्होंने लिखा, 'सभी जग्गा जासूस जैसे लोगों के लिए। मैं कल पायल मेहता के पिता की याद में आयोजित कार्यक्रम में गया था। जैसी उम्मीद थी वैसा ही हुआ और कई राजनीतिक दलों के नेता भी वहां पर पहुंचे थे। मुझे खुशी है कि कांग्रेस पार्टी से भी कई नेता वहां पर आए थे।'
उन्होंने लिखा, 'मैं अपने सबसे अच्छे दोस्त और भाई किरेन रिजिजू से बात कर रहा था और कई पत्रकार उनसे उनकी स्विमिंग की तस्वीरों के बारे में पूछ रहे थे। जैसे ही हमने पवन खेड़ा का जिक्र किया, तो संयोग से वह सामने से चलकर आ रहे थे और मैंने उन्हें अपनी बातों में शामिल कर लिया और राज्यसभा के लिए चुने जाने पर बधाई दी। प्रफुल्ल पटेल जी हमारी बातचीत को सुन रहे थे।'
क्या कांग्रेस में जाएंगे शहजाद पूनावाला?
उन्होंने आगे लिखा, 'सभी अफवाहों पर विराम लगाने के लिए, मैं कांग्रेस में शामिल नहीं हो रहा हूं। मुझे दुनिया की सबसे अच्छी पार्टी भाजपा से कोई दिक्कत नहीं है। और शोक सभाओं में कहीं शामिल होने जैसी बातें नहीं की जाती हैं। कोई भी इतना बेशर्म नहीं है कि ऐसी जगह का इस्तेमाल इन बातों के लिए करे।'
कांग्रेस में जाने के सवाल पर कसा था तंज
अगस्त में एक एनडीटीवी से बातचीत में जब कांग्रेस में जाने से जुड़ा सवाल किया गया, तो उन्होंने तंज कस दिया था। पूनावाला ने कहा था, 'मैं कांग्रेस में शामिल हो जाऊंगा। एक शर्त पर। राहुल गांधी को हटा दो, सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा को हटा दो। नेहरू के कामों पर माफी मांगो।' उन्होंने साल 2017 में कांग्रेस से दूरी बना ली थी।


