IRCTC नहीं चल रहा, यात्री परेशान; दीवाली पर एडवांस बुकिंग अटकी
यात्रा की योजना बाद में बनाई जाती है और रिजर्वेशन के लिए IRCTC की ऐप या वेबसाइट सबसे पहले खोली जाती है। व्यस्त लाइफस्टाइल में यही तरीका हर कोई अपना चुका है, लेकिन अब खबर है कि IRCTC डाउन है और काम नहीं कर रहा है।

IRCTC काम नहीं कर रहा है। त्योहारों पर बुकिंग के बीच टिकट सर्विस ने यात्रियों को बड़ा झटका दे दिया है। हालांकि, कुछ यूजर्स इसका इस्तेमाल अब भी कर पा रहे हैं। अब तक साफ नहीं है कि परेशानी किस वजह से आ रही है और कब तक इसे ठीक किया जा सकेगा। आमतौर पर दीवाली, दशहरा और छठ जैसे त्योहारों के लिए के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो जाती है, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते प्रोसेस पूरी नहीं हो पाती।
टिकट बुकिंग कर रहे कई यात्रियों को Unable to Process Request एरर का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर से इस तरह की परेशानियां सुबह टिकट बुक करते समय आती हैं। इसके अलावा तत्काल टिकट बुकिंग में व्यस्त ट्रेनों में वेबसाइट और ऐप के डाउन हो जाने के चलते खासी दिक्कतों का सामना यात्रियों को करना पड़ता है। हालांकि, रेल मंत्रालय ने रेल वन एप लॉन्च की है, लेकिन उससे भी लोडिंग में देरी की परेशानी पर खास असर नहीं पड़ा है।
पहले भी आती रही है परेशानी
IRCTC की वेबसाइट या एप्लिकेशन पर यूजर सबसे ज्यादा परेशानी का सामना तत्काल टिकट बुकिंग के समय करते हैं। उस दौरान दोनों ही मोर्चों पर टिकट बुकिंग लोडिंग पर अटक जाती है या गलत जानकारी देने लगती है। ऐसे में कई बार जरूरी यात्रा भी तकनीकी खामी के चलते टालना पड़ती है। फिलहाल, रेल मंत्रालय की तरफ से नहीं बताया गया है कि इसकी वजह क्या है।
इसकी एक वजह अचानक 10 बजे एसी कोच में बुकिंग के लिए लोगों की भीड़ हो सकती है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। वहीं, स्लीपर के लिए तत्काल विंडो 11 बजे खुलती है। स्वाभाविक है कि स्लीपर में सीटों की संख्या ज्यादा है, तो आरक्षण मिलने की संभावनाएं भी ज्यादा होती हैं, लेकिन दोनों ही मौकों पर ऐप 10 और 11 बजे 'हाई लोड' जैसे एरर देती है।
व्यस्त ट्रेनों में परेशानी ज्यादा
उदाहरण के लिए गोवा एक्सप्रेस और झेलम एक्सप्रेस ट्रेनों में टिकट बुकिंग के समय सबसे ज्यादा परेशानियां यात्री को होती हैं। एक वजह बेहद कम तत्काल सीटें और इसमें भी छोटे शहर तक गंतव्य वालों को बुकिंग नहीं मिल पाती है। कई बार यात्री सारी जानकारियां दर्ज करने के बाद पेमेंट के समय ऐप क्रेश होने या लोडिंग पूरी नहीं होने वाने के चलते दिक्कतों का सामना करते हैं।
एक बड़ी समस्या कैप्चा से भी जुड़ी हुई है, क्योंकि बुकिंग के समय ज्यादा संभावित रूप से ज्यादा ट्रैफिक होने के चलते कैप्चा स्वीकार नहीं करता है। खास बात है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने राजस्थान की एक छात्रा ने भी मुद्दे को उठाया था, जिसके बाद उन्होंने अधिकारी से फोन पर बात की थी।


