होर्मुज के बंद होने से अमेरिका को बड़ा फायदा, LPG सिलेंडर को लेकर बड़ी राहत; टॉप-5 न्यूज
ईरान युद्ध को लेकर पाकिस्तान में शांति वार्ता जारी है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि होर्मुज को बंद होने से अमेरिका को बड़ा फायदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 60 टैंकर जहाज अमेरिका की तरफ आ रहे हैं।

पश्चिम एशिया में जारी संकट को खत्म करने के लिए पाकिस्तान में चर्चा जारी है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ऐलान किया है कि होर्मुज के बंद होने से अमेरिका को फायदा हुआ है। उन्होंने लिखा कि तेल भरवाने के लिए 60 टैंकर जहाज अमेरिका आ रहे हैं। दूसरी तरफ, एलपीजी सिलेंडर को लेकर देश को बड़ी राहत मिली है। देश की आयात पर निर्भरता बढ़ी है। अब देश में खपत होने वाली एलपीजी का 60 फीसदी का उत्पादन हो रहा है।
देश-दुनिया की पांच बड़ी खबरें पढ़िए लाइव हिन्दुस्तान के साथ…
US आ रहे टैंकर, तेल और गैस लोड करेंगे; ईरान से बातचीत के बीच ट्रंप का बड़ा ऐलान
ईरान से जारी बातचीत के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े खाली तेल टैंकरों की भारी संख्या अभी अमेरिका की ओर जा रही है, जहां वे तेल और गैस लोड करेंगे। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'दुनिया के सबसे बड़े कुछ खाली तेल टैंकरों की भारी संख्या अभी अमेरिका की ओर जा रही है ताकि दुनिया के सबसे बेहतरीन व मीठे तेल और गैस को लोड किया जा सके। हमारे पास अगली दो सबसे बड़ी तेल अर्थव्यवस्थाओं के कुल मिलाकर जितना तेल है, उससे भी ज्यादा है और उसकी क्वालिटी भी बेहतर है।' पढ़ें पूरी खबर…
LPG सिलेंडर को लेकर बड़ी राहत, आयात पर निर्भरता घटी; 60 फीसदी देश में उत्पादन
देश में एलपीजी की किल्लत के बीच एक राहत वाली खबर है। भारत में कुल खपत की लगभग 60 फीसदी रसोई गैस का अब घर में ही उत्पादन होने लगा है ऐसे में आम लोगों को भी बड़ी राहत मिल सकती है। 40 दिन के इस युद्ध में दुनिया के कई देशों की हालत खराब हो गई। भारत में रसोई गैस की किल्लत जरूर हुई लेकिन ज्यादा दिनों तक अफरा-तफरी का माहौल नहीं रहा। कालाबाजारी पर रोक लगने के बाद लोगों के घरों तक सिलेंडर पहुंचने लगे। पढ़ें पूरी खबर…
ईरान के लिए वर्दी, US के लिए सूट; पाक में मेहमानों के सामने मुनीर का क्या संदेश?
पाकिस्तान इस समय विश्व समुदाय की नजरों के केंद्र में बना हुआ है। ईरान जंग को रोकने पर बात करने के लिए अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद में मौजूद हैं और पाकिस्तान इस मौके का पूरी तरह से प्रचार कर रहा है। लेकिन इसी बीच पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने कुछ ऐसा किया कि दुनिया का ध्यान इस ओर चला गया। दरअसल, ईरान के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने के लिए पहुंचे पाकिस्तान सेना प्रमुख सैन्य वर्दी में थे, वहीं जब वह नूर खान एयरबेस पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति का स्वागत करने के लिए पहुंचे, तो वह एक काले रंग के सूट में थे। पढ़ें पूरी खबर…
महाराष्ट्र के मंत्री का हेलीकॉप्टर भटका रास्ता, हेलीपैड की जगह पार्किंग में उतरा
महाराष्ट्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फडणवीस सरकार में मंत्री छगन भुजबल का हेलीकॉप्टर हेलीपैड की जगह पार्किंग लॉट में लैंड करने से अफरा-तफरी मच गई। मामला शनिवार सुबह का है। हेलीकॉप्टर तय हेलीपैड से करीब एक किलोमीटर दूर पुणे के पुरंदर इलाके में उतरा। फिलहाल इस घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। लेकिन डिप्टी सीएम अजीत पवार की प्लेन क्रैश में मौत के तीन महीने के अंदर हुई इस घटना के चलते फिर से डर का माहौल है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
ईरान-अमेरिका वार्ता से पहले शहबाज शरीफ ने की जेडी वेंस से मुलाकात, क्या हुई बात?
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के ऑफिस से बयान भी जारी हुआ है। इस बयान में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष खत्म करने के लिए बातचीत की आधिकारिक शुरुआत हो चुकी है। इस बयान में कहा गया है कि जैसे ही इस्लामाबाद में आज बातचीत शुरू हुई, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मुहम्मद शहबाज शरीफ ने अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ एक बैठक की। बयान में आगे कहा गया कि पाकिस्तान दोनों पक्षों को क्षेत्र में ‘स्थायी शांति’ की दिशा में सुविधा प्रदान करना जारी रखने का इरादा रखता है। पढ़ें पूरी खबर…
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

