कुवैत एयरपोर्ट पर हमले में भारतीय की मौत, विदेश मंत्रालय ने ईरान को सुना डाला

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। इस हमले के बाद विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर से इस संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से रहवासी क्षेत्र में हमले न करने का आह्वान किया है। कुवैत की तरफ से  बताया गया कि इस हमले में 63 लोग घायल हुए हैं।

कुवैत एयरपोर्ट पर हमले में भारतीय की मौत, विदेश मंत्रालय ने ईरान को सुना डाला

पश्चिम एशिया का संकट एक बार फिर से खूनी होता जा रहा है। बुधवार को कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में कई लोग घायल हो गए। इस हमले में एक भारतीय की मौत भी हो गई है। इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारत ने एयरपोर्ट मॉल्स जैसी नागरिक संरचनाओं को निशाना न बनाने का आह्वान किया है। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को इस बात की पुष्टि की है कि हमने में एक भारतीय नागरिक मारा गया है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इस हमले के बाद वह कुवैती अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस पूरी घटना को लेकर एक बयान जारी करके इस युद्ध में शामिल सभी पक्षों से आह्वान किया है। जारी बयान में MEA ने कहा, "पश्चिम एशिया के संघर्ष में हम शुरुआत से ही रहवासी क्षेत्रों और नागरिक संरचनाओं को निशाना बनाने का विरोध करते रहे हैं। हम एक बार फिर से इस संघर्ष में शामिल सभी पक्षों से ऐसे हमले रोकने का आह्वान करते हैं।" इस हमले के बाद कुवैत के भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों को सतर्क रहने के लिए कहा है। कुवैत में हुए हमले के बाद मामले से परिचित लोगों ने बताया कि मृतक भारतीय कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर काम करता था। कुवैत में करीब दस लाख भारतीय लोग काम करते हैं। यह कुवैत का सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है।

ईरान के हमले में 63 लोग घायल, एक की मौत: कुवैत

हमले के बाद कुवैत के विदेश मंत्रालय ने इसकी निंदा की है। मंत्रालय की तरफ से कहा गया इस हमले में एयरपोर्ट, राजनयिक मिशनों और इन्फ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा है। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 63 लोग घायल हो गए हैं। एयरपोर्ट पर हमले के बाद उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।ईरान की तरफ से कहा गया है कि यह हमला होर्मुज स्ट्रेट में मौजूद उसके केशम द्वीप पर हुए अमेरिकी हमले का जवाब था। गौरतलब है कि ईरान पहले ही कह चुका है कि अगर अमेरिका उसके ऊपर हमला करता है, तो वह इस क्षेत्र में मौजूद अमेरिका के सहयोगी देशों के ऊपर हमला करेगा।

बता दें, 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद शुरू हुए पश्चिम एशिया संघर्ष में अभी तक आठ भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा इस पूरे क्षेत्र में दर्जनों भारतीय घायल हुए हैं। संयुक्त अरब अमीरात में मार्च के महीने में हुए एक मिसाइल हमले में भी एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी। मई के महीने में होर्मुज में एक जहाज में आग लगने के बाद एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी। ऐसी ही तमाम घटनाओं में इस क्षेत्र में काम करने वाले 8 भारतीयों को मौत हो चुकी है, जबकि कई दर्जन घायल हैं।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें