
वह शांत स्वभाव का, उसके ज्यादा दोस्त भी नहीं; दिल्ली धमाके में नाम आने पर बोला संदिग्ध डॉक्टर का परिवार
उमर की शादी के बारे में पूछे जाने पर उसकी भाभी ने कहा, 'अभी उसकी शादी नहीं हुई थी, सिर्फ सगाई हुई थी। वह दो महीने से घर नहीं आया था और बीते शुक्रवार को ही उससे आखिरी बार फोन पर बात हुई थी।
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट को लेकर जांच टीमों का पूरा शक पुलवामा के रहने वाले डॉ उमर नबी पर गहरा गया है। एजेंसियों का मानना है कि उमर ही वह शख्स है जो उस हुंडई आई-20 कार को चला रहा था, जिसका इस्तेमाल बम विस्फोट के लिए किया गया। जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा आगे बढ़ाते हुए जम्मू-कश्मीर के पुलवामा से उसके दो भाइयों और मां को उठा लिया है। हालांकि उसके परिवार का कहना है कि उमर एक शांत स्वभाव का युवक है, और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह इस तरह की आतंकी गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकता है। डॉ. उमर नबी पुलवामा के कोइल गांव का रहने वाला है।

भाभी बोलीं- पूछताछ का बोलकर तीनों को साथ ले गए
इस बारे में एएनआई से बात करते हुए इस बम धमाके के संदिग्ध डॉ.उमर उन नबी की भाभी मुजम्मिल ने कहा कि, 'वह (सुरक्षा बल) मेरे पति, मेरे देवर और मेरी सास को लेकर गए हैं। उन्होंने हमसे पूछा कि उमर कहां है, तो हमने कहा कि वह दिल्ली में है। इसके बाद वह कुछ पूछताछ करने का बोलकर तीनों को साथ ले गए।'
'वह शांत स्वभाव का था, ज्यादा बातें नहीं करता था'
देवर पर लगे आरोपों को लेकर भाभी मुजम्मिल ने कहा, 'मुझे उसके बारे में कही जा रही बातों पर यकीन नहीं हो रहा है। वह शांत स्वभाव का इंसान था, शांत रहता था, ज्यादा बातें नहीं करता था, किसी से ज्यादा इंवॉल्व नहीं होता था, ज्यादा दोस्त नहीं थे, खाली पढ़ाई करता था। मुझे बस यही पता है, जितना मुझे पता है, मैं बस उतना ही कह सकती हूं।'
‘जब वह घर आता था तो सिर्फ क्रिकेट खेलता रहता था’
मुजम्मिल ने बताया कि 'उमर के साथ आखिरी बार हमारी बात पिछले शुक्रवार को हुई थी, उसके बाद उससे कोई बात नहीं हुई। वह मेरे बच्चों से बहुत जुड़ा हुआ था और उन्हें बहुत प्यार करता था। उसे बच्चों से बहुत प्यार था, जुड़ाव था, लगाव था। साथ ही उसे क्रिकेट का भी बहुत शौक था, वह जब भी घर आता था तो सिर्फ क्रिकेट खेलता रहता था। उसे क्रिकेट की भी बहुत लत थी।'
भाभी बोलीं- उमर उस टाइप का इंसान नहीं था
वहीं आदिल के बारे में पूछे जाने पर मुजम्मिल ने कहा, 'मैं आदिल (एक डॉक्टर और हाल ही में विस्फोटक जब्ती के मामले में आरोपी) को नहीं जानती। मैंने बस आप लोगों से उसका नाम सुना है। बस मैं यही कह सकती हूं कि वह (उमर) इस टाइप का इंसान था ही नहीं। हमें लगता ही नहीं था। हमने इतनी स्ट्रगल की उसे पढ़ाने में, यहां तक पहुंचाने में, पूरी मेहनत की, पूरी लगन के साथ उसे यहां तक पहुंचाया, ताकि वह कुछ कमा सके और घरवालों की भी मदद कर सके।'
उमर की शादी के बारे में पूछे जाने पर उसकी भाभी ने कहा, ‘अभी उसकी सगाई हुई थी, शादी नहीं हुई थी। पिछले दो महीने से वह घर नहीं आया था। वह दो महीने पहले घर आया था।’
बता दें कि फरीदाबाद के अल-फलाह मेडिकल कॉलेज का डॉक्टर डॉ. उमर उन नबी सोमवार को लाल किले के पास हुए विस्फोट में शामिल हुंडई i20 कार चला रहा था। इस घटना में अबतक 13 लोगों की मौत हुई है वहीं बीस से ज्यादा लोग घायल हैं। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी नबी के बारे में माना जाता है कि उसने इस ऑपरेशन की योजना बनाने और विस्फोटकों को दिल्ली पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई थी, जहाँ विस्फोट हुआ था। माना जाता है कि विस्फोट में उसकी मौत हो गई।



