बाप के डर से भागा और मुख्यमंत्री के सरकारी आवास में घुस गया नशेड़ी, पुलिस हिरासत से छूटते ही कांड
अधिकारियों के मुताबिक युवक नशे का आदी है और काकरयाल में कई चोरी के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से 3-4 एफआईआर दर्ज हैं। उसने पुलिस हिरासत से छूटते ही कांड कर दिया।

अपने पिता की डांट से डरकर छिपने की बात कोई नई नहीं है। लेकिन जम्मू कश्मीर में एक शख्स ने इसके लिए सारी हदें ही पार कर दीं। सोमवार को जम्मू के 'वजारत रोड' स्थित मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास की सुरक्षा में एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। यहां पुलिस की हिरासत से छूटने के महज आधे घंटे बाद एक नशेड़ी शख्स मुख्यमंत्री आवास की दीवार फांदकर अंदर घुस गया। हालांकि तब CM अब्दुल्लाह घर पर नहीं थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक की पहचान कटरा के तिलक राज के रूप में हुई है और वह 21 साल है। शुक्रवार शाम करीब सवा 4 बजे पुलिस ने NDPS कानून के तहत दर्ज एक मामले में युवक को स्थानीय स्तर पर जमानत पर छोड़ा था। वहीं पुलिस ने उसके पिता को थाने बुलाया था। हालांकि पिता के डर से युवक फरार हो गया। डरकर युवक पुलिस हिरासत से छूटते ही झाड़ियों की तरफ भागा। पुलिस चौकी से थोड़ी ही दूरी पर स्थित मुख्यमंत्री आवास की दीवार फांदकर वह अंदर घुस गया।
पहले से दर्ज हैं FIR
अधिकारियों के मुताबिक युवक नशे का आदी है और काकरयाल में चोरी के मामलों में भी शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से 3-4 एफआईआर दर्ज हैं। पकड़े जाने के वक्त वह पूरी तरह से नशे में धुत था। हालांकि उसके पास से कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला है। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला घर पर मौजूद नहीं थे। जानकारी के मुताबिक अब्दुल्ला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए नई दिल्ली गए हुए थे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
भले ही युवक का इरादा हमला करने का नहीं था, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी साल 11 मार्च को जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित रॉयल पार्क में नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमले की कोशिश हुई थी। आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की कोशिश थी। अब नशेड़ी का आसानी से दीवार फांद लेना भी सवालों के घेरे में है।


