विधायक, नो नेटवर्क जोन और एक दावा; उमर अब्दुल्ला की पिकनिक मीटिंग की इनसाइड स्टोरी

Deepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, श्रीनगर
share

आमतौर पर पिकनिक मनाने का मकसद एंजॉय करना होता है। लेकिन उमर अब्दुल्ला की पार्टी नेताओं के साथ नो नेटवर्क मीटिंग का मकसद कुछ और ही है। पढ़िए और जानिए क्या है पूरा मामला…

विधायक, नो नेटवर्क जोन और एक दावा; उमर अब्दुल्ला की पिकनिक मीटिंग की इनसाइड स्टोरी

कहते हैं राजनीति में जो दिखता है, वैसा हमेशा होता नहीं। जम्मू कश्मीर में भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। यहां पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, अपनी पार्टी के सभी विधायकों-सांसदों को लेकर पिकनिक मनाने गए। वेन्यू था, राजधानी श्रीनगर से करीब 22 किमी दूर, दछिगम नेशनल पार्क। इसे नो नेटवर्क जोन कहा जाता है। बताया जाता है कि इस पिकनिक का उद्देश्य पार्टी के विधायकों और सांसदों को डिजिटल डिटॉक्स कराना था। लेकिन अंदरखाने कहानी कुछ और है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।

सोशल मीडिया पर तस्वीर
योजना के तहत पार्टी के सभी विधायक और सांसद मुख्यमंत्री के गुपकार रोड स्थित निजी ऑफिस में पहुंचे। इसके बाद यह सभी लोग बस में सवार हुए। खुद मुख्यमंत्री भी बस में सबके साथ सवार हुए। उन्होंने इसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं। इसके बाद बस रवाना हुई दछिगम नेशनल पार्क के लिए। मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने बताया कि इस बैठक का उद्देश्य, पिछले 19 महीने के कार्यकाल जायजा लेना है। उन्होंने लिखा कि सरकार ने पिछले कुछ वक्त में कैसा काम किया, क्या अच्छा रहा, क्या खराब रहा, सारी बातों के बारे में समझा और जाना जाएगा।

अंदर की कहानी क्या
यह तो वो बातें हैं जो मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने बताईं। लेकिन अंदर की कहानी कुछ और है। जानकारी के मुताबिक इस बैठक के दौरान उमर अब्दुल्ला ने कई मसलों पर चर्चा की। इन मसलों में भविष्य की रणनीतियां, जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा दिए जाने में देरी और प्रदेश के राजनीतिक अधिकारों पर बात की गई। जानकारी के मुताबिक इस दौरान इस धारणा पर भी बात की गई कि उमर अब्दुल्ला, जम्मू कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा दिलाने की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं कर रहे हैं।

पार्टी नेताओं में नाराजगी
नेशनल कांफ्रेंस के कुछ नेताओं ने इस बात को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई है कि अक्टूबर 2024 में सरकार बनने के बाद से पार्टी अपना लक्ष्य भूल गई है। पार्टी में उमर अब्दुल्ला के सबसे बड़े आलोचक, सांसद आगा रुहुल्ला हैं। उन्होंने खुलेआम अब्दुल्ला पर जनमत को धोखा देने का आरोप लगाया। साथ माफी मांगने और इस्तीफा देने की बात भी कही। गौरतलब है कि रुहुल्ला को इस ट्रिप के लिए नहीं बुलाया गया है। एनडीटीवी के मुताबिक रुहुल्लाह ने कहाकि उन्हें इस बैठक के लिए नहीं बुलाया गया।

विपक्ष से भी आलोचना
गौरतलब है कि नेशनल कांफ्रेंस को इन दिनों विपक्षी दलों, भाजपा और पीडीपी की आलोचना भी झेलनी पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में भाजपा के नेता और विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने इस बैठक को उमर अब्दुल्ला का फ्लोर टेस्ट बताया है। उन्होंने कहाकि उमर अब्दुल्ला पार्टी नेताओं को इसलिए साथ लेकर गए हैं ताकि देख सकें कि विधायक अभी भी उनके साथ हैं या नहीं। बस यात्रा में शामिल एक नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक ने कहाकि उमर अब्दुल्ला को पार्टी के राजनीतिक एजेंडे का पालन करना है जो 2024 में पार्टी के घोषणा पत्र में था।

क्या सोच रहे उमर अब्दुल्ला
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक उमर अब्दुल्ला, बेहद हताश महसूस कर रहे हैं। केंद्र सरकार ने बार-बार उनसे जम्मू कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस लौटाने का वादा किया। साथ ही उनसे यह भी कहा गया है कि उनकी सरकार को काम करने दिया जाएगा। एक विधायक ने कहाकि केंद्र सरकार ने जम्मू और कश्मीर में निर्वाचित सरकार को जीरो कर दिया है। हमारी सरकार के पास एक पटवारी तक पर भी नियंत्रण नहीं है। राजस्व विभाग निर्वाचित सरकार के अधीन है, लेकिन हकीकत में हम एक पटवारी का भी ट्रांसफर नहीं कर सकते। उन्होंने कहाकि बैठक का मकसद फिर से रीसेट बटन दबाना है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें