नहीं चाहिए ऐसे जज, इनसे काम छीनिए या ट्रांसफर कीजिए मीलॉर्ड ! CJI से BCI की क्यों गुहार
BCI की चिट्ठी में लिखा गया है कि किसी भी कोर्ट की गरिमा तब नहीं बढ़ती, जब किसी वकील को खुली अदालत में रहम की भीख मांगने पर मजबूर किया जाता हो और इसके बावजूद उसे एक प्रक्रियागत चूक के लिए हिरासत में भेज दिया जाता है।

भारत में कानूनी पेशा और कानूनी शिक्षा को रेग्यूलेट करने वाली सर्वोच्च वैधानिक संस्था बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने आज (बुधवार, 6 मई को) देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को एक चिट्ठी लिखी है और आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के जज जस्टिस तरलाडा राजशेखर राव द्वारा एक युवा वकील के साथ खराब बर्ताव करने के मामले में उनसे दखल देने की मांग की है। BCI ने हाई कोर्ट के जज से काम छीनने या उन्हें दूसरी अदालत में ट्रंसफर करने की गुहार लगाई है। दरअसल, यह मांग जस्टिस तरलाडा राजशेखर राव द्वारा सुनवाई के दौरान एक युवा वकील को 24 घंटे के लिए पुलिस हिरासत में भेजने की धमकी देने के बाद की गई है।
CJI सूर्यकांत को 6 मई की तारीख में लिखी गई एक चिट्ठी में BCI के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के जज जस्टिस तरलाडा राजशेखर राव के बर्ताव को लेकर गंभीर चिंता जताई है। हाई कोर्ट की कार्यवाही का एक वायरल वीडियो का ज़िक्र करते हुए BCI ने चिट्ठी में कहा है कि यह घटना न्यायिक स्वभाव, आनुपातिकता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े करती है। चिट्ठी में यभी कहा गया है कि इस तरह की घटनाओं का बार के युवा सदस्यों पर बुरा असर पड़ता है। ये उनके मन में डर पैदा करती हैं।
खुली अदालत में रहम की भीख मांगने पर मजबूर किया
चिट्ठी में लिखा गया है, "किसी भी कोर्ट की गरिमा तब नहीं बढ़ती, जब किसी वकील को खुली अदालत में रहम की भीख मांगने पर मजबूर किया जाता हो और इसके बावजूद उसे एक प्रक्रियागत चूक के लिए हिरासत में भेज दिया जाता है।” BCI ने युवा वकील को हिरासत में भेजने का निर्देश देने की भी आलोचना की और कहा, “एक वकील, खासकर इस पेशे का कोई युवा सदस्य, अगर हालात सही हों तो उसे कानून के मुताबिक सुधारा जा सकता है, चेतावनी दी जा सकती है, या उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है। लेकिन, एक युवा वकील को इस तरह 24 घंटे के लिए न्यायिक हिरासत में भेजना, पहली नजर में, बेहद अनुचित और इस संस्था में बार के भरोसे को गहरा नुकसान पहुंचाने वाला लगता है।”
जज का खिलाफ कार्रवाई करें CJI
बार एंड बेंच के मुताबिक, CJI सूर्यकांत को दिए अपने प्रतिवेदन में BCI ने उनसे अनुरोध किया है कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले का संस्थागत संज्ञान ले और हाई कोर्ट की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग, जज द्वारा पारित आदेश और मामले से जुड़ी सभी परिस्थितियों पर संज्ञान लें। BCI ने अपनी चिट्ठी में CJI सूर्यकांत से हाई कोर्ट के जस्टिस तरलाडा राजशेखर राव के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है, जिसमें समीक्षा लंबित रहने तक उनसे न्यायिक कार्य वापस लेना, उनका स्थानांतरण करना, और न्यायालय प्रबंधन, न्यायिक स्वभाव और बार-बेंच संबंधों पर उचित न्यायिक प्रशिक्षण प्रदान करना शामिल है।
क्या है मामला?
यह विवाद 4 मई को हाई कोर्ट में हुई एक सुनवाई से जुड़ा है, जिसमें एक लुक आउट सर्कुलर और पासपोर्ट ज़ब्त करने को चुनौती देने वाली एक याचिका लिस्टेड थी। कार्यवाही के दौरान, जस्टिस राव ने याचिकाकर्ता की तरफ से पेश वकील को फटकार लगाई और कहा कि उसने लापरवाही से बर्ताव किया है, और पूछा कि क्या वह खुद को कोई महान सीनियर वकील समझता है। इस बातचीत का एक वीडियो क्लिप, जो तब से वायरल हो रहा है, दिखाता है कि युवा वकील माफी मांग रहा है और नरमी बरतने की गुहार लगा रहा है; वह कह रहा है कि उसे दर्द हो रहा है और वह हाथ जोड़कर “रहम की भीख” मांग रहा है। इसके बावजूद, जज ने पुलिसकर्मियों को उसे 24 घंटे के लिए हिरासत में लेने का निर्देश दिया। सूत्रों ने बाद में बताया कि हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के दखल के बाद, कोर्ट ने बाद में वकील को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश रद्द कर दिया।
लेखक के बारे में
Pramod Praveenप्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।
अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।


