ममता बनर्जी के खाते में पैसे डालते थे मंत्री, उसे रॉयल्टी बोलते थे; ED का दावा
प्रवर्तन निदेशालय ने हाल ही में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के ठिकानों पर रेड की थी। अब इस जांच में पूर्व सीएम ममता बनर्जी का नाम भी आ रहा है। हालांकि, इस लेनदेन को लेकर किसी आपराधिक कृत्य का आरोप नहीं लगाया।

दुर्गा पूजा के पास के मामले में कथित घोटाले की जांच कर रही ED यानी प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ा दावा किया है। जांच एजेंसी का कहना है कि 'रॉयल्टी' के तौर पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खाते में रकम डाली गई थी। खास बात है कि ईडी ने हाल ही में राज्य सरकार में मंत्री रह चुके इंद्रनील सेन के ठिकानों पर रेड की थी और बाद में उन्हें पूछताछ के लिए भी बुलाया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईडी का दावा है कि मंत्री रहते हुए सेन ने 85 करोड़ रुपये के टेंडर अपने करीबियों को दिलाए थे। इनके नाम ध्रुवज्योति बसु और दीपेश रॉय बताए जा रहे हैं। साथ ही कहा गया है कि बाद में रकम को सेन के कई रिश्तेदारों की कंपनियों में भेजा गया था। ईडी का यह भी कहना है कि मंत्री रहने के दौरान सेन की कंपनी में 3.8 करोड़ रुपये डाले गए थे।
ममता बनर्जी के खाते में पैसों का दावा
दावा किया जा रहा है कि उस कंपनी से 30 लाख रुपये ममता बनर्जी के खाते में पहुंचाए गए थे। जांच एजेंसी ने कहा कि सेन ने दावा किया कि यह राशि 'रॉयल्टी' के रूप में दी गई थी। हालांकि, प्रवर्तन निदेशालय ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में इस लेनदेन को लेकर किसी आपराधिक कृत्य का आरोप नहीं लगाया।
जांच एजेंसी ने कहा, 'ऑक्टेव रिकॉर्ड्स के बैंक खाते से करीब 30 लाख रुपये बैंकिंग माध्यम के जरिये पश्चिम बंगाल की तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हस्तांतरित किए गए थे, जिसे इंद्रनील सेन ने रॉयल्टी के रूप में भुगतान किए जाने का दावा किया है।'
धर्म से पैसा वसूलने के आरोप
इस केस के केंद्र में मासआर्ट सोसाइटी है, जिसकी शुरुआत सेन की पत्नी मधुचंदा ने शुरू किया था। इसमें कई और लोग भी शामिल थे। आरोप हैं कि 2022 से 2025 यानी तीन सालों के दौरान दुर्गा पूजा के नाम पर लोगों से वसूली की गई। इसके लिए सोसाइटी को यूनेस्को से जुड़ा बताया गया और अधिकृत पार्टनर के तौर पर पेश किया गया था।
सोसाइटी पूजा के प्रीव्यू पास बेच रही थी। एजेंसी की तरफ से कहा गया है कि मासआर्ट के जरिए कोलकाता के 24 दुर्गा पूजा पंडालों में आयोजित प्रीव्यू शो के लिए आम लोगों को 1,749 रुपये से 5,499 रुपये तक के टिकट बेचे। आरोप हैं कि इसके जरिए यूनेस्को के नाम का गलत इस्तेमाल किया गया था और अनधिकृत रूप से नाम को अपने सोसाइटी के साथ जोड़ा गया था।
पहली बार आया ममता बनर्जी का नाम
इस मामले में पूर्व सीएम ममता बनर्जी का नाम पहली बार आया है। हालांकि, उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज या जांच नहीं और महज नाम का जिक्र आया है। सितंबर के अंत में ईडी ने सेन से जुड़े कई ठिकानों पर दबिश दी थी। खबर है कि जांच 15 घंटों से ज्यादा समय तक चली थी और अगले दिन सेन को पूछताछ के लिए भी तलब किया गया था।
हालांकि, ममता गुट के आरोप हैं कि पक्षपातपूर्ण तरीके से जांच की गई है। साथ ही कहा कि 98 फीसदी केस विपक्षी नेताओं के खिलाफ किए गए हैं।

