विदेश यात्रा करने वालों के लिए झटका! 6 रूटों पर सेवाएं बंद करने जा रहा है इंडिगो; क्या है कारण

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो जुलाई से कम से कम 6 रूट पर अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर रही है। एयरलाइन का कहना है कि फ्यूल की बढ़ी हुई कीमतों की वजह से परिचालन बहुत महंगा हो गया है। 

विदेश यात्रा करने वालों के लिए झटका! 6 रूटों पर सेवाएं बंद करने जा रहा है इंडिगो; क्या है कारण

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो अगले महीने यानी जुलाई से शंघाई, हॉन्गकॉन्ग समेत कम से कम 6 अंतरराष्ट्रीय रूट पर अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने जा रही है। यह विदेश यात्रा का प्लान बना रहे लोगों के लिए झटका हो सकता है। इंडिगो ने एक बयान में कहा कि वह एक जुलाई से लंगकावी, क्राबी, हो ची मिन्ह, हांगकांग और शंघाई के लिए सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करेगी, जबकि सिएम रीप के लिए सेवाएं तीन जुलाई से 30 सितंबर तक निलंबित रहेंगी।

क्यों सेवाएं बंद कर रही एयरलाइन

कंपनी ने कहा कि यह निर्णय आगामी तिमाही में पारंपरिक रूप से कमजोर मांग और उच्च लागत वाले चुनौतीपूर्ण परिचालन माहौल को देखते हुए लिया गया है। इंडिगो ने कहा कि वह इन प्रभावित सेवाओं के लिए बुकिंग एक अक्टूबर से फिर से शुरू करेगी, बशर्ते परिस्थितियां बेहतर हों। हालांकि, कंपनी ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं को तय समय से पहले भी बहाल किया जा सकता है।

हर सप्ताह 1800 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

एयरलाइन ने यह भी बताया कि इस पुनर्संयोजन के बावजूद उसने अपनी अधिकांश अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बनाए रखा है और वर्तमान में वह प्रति सप्ताह 1,800 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित कर रही है। बयान में कहा गया कि ये बदलाव मौजूदा बाजार परिस्थितियों और मांग प्रवृत्तियों के अनुरूप क्षमता को समायोजित करने के लिए किए गए हैं, ताकि वैश्विक गंतव्यों पर परिचालन की विश्वसनीयता और नेटवर्क की स्थिरता बनी रहे।

ईरान युद्ध से त्रस्त एयरलाइन्स

ईरान युद्ध की वजह से टरबाइन फ्यूल काफी महंगा हो गया है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का खर्च काफी बढ़ गया है। इससे पहले इंडिगो ने मैनचेस्टर की उड़ान 31 अगस्त तक बंद करने का फैसला किया था। बताया गया कि लंबे रूट की व्यावसायिक उड़ानें काफी खर्चेलू साबित हो रही हैं। ऐसे में एयरलाइन्स पर बोझ बहुत बढ़ गया है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव की वजह से होर्मुज बंद है और ऐसे में कच्चे तेल की सप्लाई पर बहुत बुरा असर पड़ा है। देश में टरबाइन फ्यूल के अलावा भी पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। विमान ईंधन की ऊंची कीमतों के कारण विमान सेवा कंपनियों पर इन दिनों भारी दबाव है। पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद से अंतरराष्ट्रीय बाजार में विमान ईंधन के दाम ढाई गुना हो चुके हैं।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उच्च परिचालन लागत और जारी हवाई क्षेत्र संबंधी प्रतिबंधों को देखते हुए एयरलाइन स्थिति पर लगातार नजर बनाये रखेगी। ये कदम क्षमता प्रबंधन के प्रति एयरलाइन के सक्रिय और जिम्मेदार दृष्टिकोण को दर्शाते हैं, जिसका उद्देश्य ग्राहकों को होने वाली असुविधा को कम से कम स्तर पर रखना है। "

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें