हवा में ही बिगड़ गई पायलट की हालत, दूसरे देश में लैंड कराना पड़ा इंडिगो का विमान
दोहा से बेंगलुरु आने वाले इंडिगो के एक विमान का ओमान में लैंड कराना पड़ गया। दरअसल हवा में पायलट की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद विमान को डाइवर्ट कर दिया गया।

कतर की राजधानी दोहा से भारत आने वाले इंडिगो के एक विमान के पायलट की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद विमान को ओमान की कैपिटल मस्कट की ओर मोड़ दिया गया और यहीं लैंड कराया गया। यह उड़ान (6ई 1302) ए321 विमान के जरिए संचालित की जा रही थी। विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा कि चालक दल के सदस्यों में से एक को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होने के कारण दोहा से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान को मस्कट की ओर मोड़ दिया गया।
विमानन कंपनी ने कहा कि विमान के मस्कट में उतरने के बाद संबंधित चालक दल के सदस्य का चिकित्सकीय दल ने उपचार किया और अब उनकी हालत बेहतर है। यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान और चालक दल की नयी टीम की व्यवस्था की गई है। इस संबंध में और अधिक जानकारी प्राप्त नहीं हो पाई है।
एयरलाइन ने यह नहीं बताया है कि पायलट की तबीयत कैसे बिगड़ी थी और इसकीक्या वजह हो सकती है। इसके बाद इंडिगो ने मस्कट से बेंगलुरु के लिए एक विमान का प्रबंध किया और यात्रियों को भारत पहुंचाया गया। एयरलाइन की तरफ से बताया गया कि मस्कट में प्रतीक्षा के दौरान यात्रियों को रिफ्रेशमेंट उपलब्ध करवाया गया था। इसके अलावा समय-समय पर उन्हें अपडेट दिया जा रहा था। एयरलाइन ने इस पूरी घटना को लेकर खेद व्यक्त किया है।
दिल का दौरा पड़ने से यात्री की मौत
इंडिगो ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिहाजसे विमान को डाइवर्ट करना जरूरी था। इससे एक दिन पहले ही जयपुर हवाई अड्डे पर एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी और उसकी मौत भी हो गई। अधिकारी ने बताया कि रोहित इंडिगो की उड़ान से वापस कोलकाता जाने के लिए हवाई अड्डे पहुंचे थे और बोर्डिंग प्रक्रिया के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
हवाई अड्डे पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे तत्काल एंबुलेंस से जवाहर सर्किल के पास स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामराज ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर यात्री की मौत दिल का दौरा पड़ने से होने की बात सामने आई है।

