
सुधर रहे हालात! Indigo की 1600 से ज्यादा फ्लाइट्स भर रहीं उड़ान, लेकिन 650 कैंसल भी हुईं
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने रविवार को भी 650 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं। हालांकि कंपनी आज अपनी निर्धारित लगभग 2300 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में से 1650 से ज्यादा उड़ानें संचालित कर रही है।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के हालात धीरे-धीरे ही सही, सुधर रहे हैं। हालांकि अभी भी कई विमान ग्राउंडेड पड़े हैं। इस बीच खबर है कि इंडिगो ने रविवार को भी 650 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दीं। फिर भी कंपनी आज अपनी निर्धारित लगभग 2300 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में से 1650 से अधिक उड़ानें संचालित कर रही है। बता दें कि इंडिगो का परिचालन संकट लगातार छठे दिन भी जारी है। शनिवार को 850 से ज्यादा उड़ानें रद्द की गई थीं, जबकि शुक्रवार को 1000 से अधिक उड़ानें निरस्त हुई थीं। इसके बावजूद आज स्थिति में सुधार के स्पष्ट संकेत दिखाई दे रहे हैं।
इंडिगो ने अपने बयान में बताया है कि वह 10 दिसंबर तक अपने नेटवर्क के पूरी तरह स्थिर हो जाने की उम्मीद कर रही है। इससे पहले 10 से 15 दिसंबर के बीच नेटवर्क के स्थिर होने की संभावना जताई गई थी। शनिवार को इंडिगो ने करीब 1500 उड़ानें संचालित कीं, जबकि लगभग 800 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। उड़ानों के रद्द होने से हजारों यात्रियों को गंभीर परेशानी हुई।
इंडिगो के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि हालिया परिचालन संबंधी समस्याओं के बाद इंडिगो यह पुष्टि करती है कि हम अपने नेटवर्क में और अधिक महत्वपूर्ण तथा स्थाई सुधार लाने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। रविवार को हम 1650 से अधिक उड़ानें संचालित कर रहे हैं।
इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि हम अपने नेटवर्क में निरंतर और महत्वपूर्ण सुधार कर रहे हैं। कल (शनिवार) पहला कदम उठाया गया था और आज रद्दीकरण की संख्या कम होने के साथ-साथ ऑन-टाइम परफॉर्मेंस में भी बेहतरी दिख रही है। आज यानी 7 दिसंबर को इंडिगो 1650 से अधिक उड़ानें संचालित कर रही है, जो शनिवार के अंत तक घोषित 1500 उड़ानों से अधिक है। ऑन-टाइम परफॉर्मेंस 75% तक पहुंच गया है, जो शुक्रवार के 8.5% के ऐतिहासिक निचले स्तर से काफी बेहतर है।
इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि सामान्य स्थिति बहाल करने और यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं। एयरलाइन ने यह भी कहा कि उसकी रिफंड और सामान से संबंधित प्रक्रियाएं अब प्रत्यक्ष और परोक्ष दोनों बुकिंग के लिए पूरी तरह से चालू हैं, जिससे प्रभावित यात्रियों को आश्वासन दिया गया है कि लंबित दावों और सामान संबंधी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है। एयरलाइन ने अब तक के घटनाक्रम पर असुविधा के लिए माफी मांगते हुए कहा है कि उसे ग्राहकों को हुई दिक्कतों पर खेद है और यह संकेत दिया कि उसका परिचालन 10 दिसंबर तक स्थिर हो जाएगा

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें




