होर्मुज में भारतीय टैंकर पर हमले से ऐक्शन में सरकार, ईरानी राजदूत को किया समन

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

होर्मुज स्ट्रेट में इराकी तेल लेकर आ रहे भारतीय जहाज जग अर्नब पर हमला हुआ है। इस घटना के बाद विदेश मंत्रालय ने ईरानी राजदूत को समन भेजा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 20 लाख बैरल इराकी तेल लेकर आ रहे भारतीय जहाज पर ईरानी सेना ने हमला किया है।

होर्मुज में भारतीय टैंकर पर हमले से ऐक्शन में सरकार, ईरानी राजदूत को किया समन

होर्मुज स्ट्रेट में इराकी तेल लेकर आ रहे भारतीय झंड़े वाले तेल टैंकर पर हमला हुआ है। इस घटना के बाद विदेश मंत्रालय ने ईरानी राजदूत को समन भेजा है। विदेश मंत्रालय के मामलों से परिचित सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय जहाज पर हुए हमले को लेकर चिंता जाहिर की। इस मामले में मंत्रालय ने ईरानी राजदूत डॉ. मोहम्मद फथली को तलब कर औपचारिक विरोध दर्ज कराया है। सूत्रों के मुताबिक ईरानी राजदूत की मुलाकात विदेश मंत्रालय की पाकिस्तान-अफगानिस्तान और ईरान डेस्क के प्रमुख संयुक्त सचिव डॉ. एम आनंद प्रकाश से हुई।

बता दें, लगभग 20 लाख बैरल इराकी तेल लेकर जा रहे एक बड़े भारतीय कच्चे तेल के टैंकर पर शनिवार को ओमान के उत्तर में ईरानी नौसेना ने फायरिंग की। यह घटना उस समय सामने आई जब खबरें आईं कि दो भारतीय जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से वापस लौटने के लिए मजबूर किया गया। कई रिपोर्ट्स में इन दोनों भारतीय जहाजों के नाम जग अर्नब और शेनमार हेराल्ड बताया गया है। एक सरकारी सूत्र के मुताबिक भारतीय नौसेना इस पूरी घटना की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। लेकिन पिछले 7 हफ्तों से जारी तनातनी के बीच होर्मुज के पास कोई भारतीय नौसैनिक जहाज मौजूद नहीं है।हालांकि, भारत के पास ओमान की खाड़ी में दो डिस्ट्रायर्स, एक फ्रिगेट और एक टैंकर तैनात हैं।

गौरतलब है कि शुक्रवार को ईरान ने लेबनान में हुए सीजफायर के बाद होर्मुज को खोलने का ऐलान कर दिया था। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसके लिए तेहरान का धन्यवाद भी किया। हालांकि, कुछ ही समय के बाद ट्रंप ने एक और पोस्ट करके कहा कि ईरान ने भले ही होर्मुज को बंद करने का ऐलान कर दिया हो, लेकिन शांति समझौता हो जाने तक अमेरिका होर्मुज के पास लगे अपने ब्लाकेड को नहीं हटाएगा। इसके बाद ट्रंप ने ऐसे ही दो से तीन पोस्ट और किए। शनिवार की अलसुबह ही ईरान ने ट्रंप पर पलटवार करना शुरू कर दिया। तेहरान ने अमेरिका पर वादाखिलाफी का आरोप लगा, होर्मुज को फिर से बंद करने का फरमान जारी कर दिया।

ईरान की सेना ने खाड़ी में मौजूद सभी जहाजों को रेडियो संदेश जारी करके होर्मुज को बंद रखने का फैसला सुना दिया। इसी बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने भी एक संदेश जारी करके परोक्ष रूप से अमेरिका को खुली चेतावनी दे दी है। खामेनेई ने कहा कि ईरान की नौसेना दुश्मनों के ऊपर बिजली की तरह हमला करने के लिए तैयार है। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी और इजरायली सेना के हमलों का सामना कर रही अपनी सेना की भी तारीफ की।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें