यात्रियों के लिए खुशखबरी; रेलवे चलाएगा समर स्पेशल ट्रेनें, भारी भीड़ की झंझट से मिलेगी राहत
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव देना है। अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से जहां वेटिंग लिस्ट कम होगी, वहीं यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

देशभर में गर्मियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने तीन महीनों के भीतर कुल 18,262 समर स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाने की योजना बनाई है, ताकि यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और समय पर यात्रा की सुविधा मिल सके। इनमें से 11,294 ट्रिप्स पहले ही नोटिफाई किए जा चुके हैं। हर साल गर्मियों में छुट्टियों और त्योहारों के कारण ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिलती है, जिससे वेटिंग लिस्ट लंबी हो जाती है। ऐसे में यह फैसला यात्रियों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।
रेलवे के विभिन्न जोन के आंकड़ों पर नजर डालें तो सेंट्रल रेलवे सबसे आगे है, जहां 3,082 समर स्पेशल ट्रिप्स ऑपरेट किए जाएंगे। इसके बाद ईस्ट सेंट्रल रेलवे में 2,711 और नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे में 2,245 ट्रिप्स चलाने की योजना है। इन तीनों जोनों में यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण यहां विशेष रूप से अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा अन्य रेलवे जोनों में भी जरूरत के अनुसार समर स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ाई गई है।
सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव देना है। अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से जहां वेटिंग लिस्ट कम होगी, वहीं यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। साथ ही, भीड़भाड़ वाले रूट्स पर दबाव कम होगा, जिससे नियमित ट्रेनों का संचालन भी बेहतर तरीके से हो सकेगा। यह पहल उन लाखों लोगों के लिए अहम है जो गर्मियों में अपने घरों या पर्यटन स्थलों की यात्रा करते हैं।
रेलवे ने यह भी साफ किया है कि यात्रियों की मांग और स्थिति के अनुसार आगे और समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा सकती हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे ऐप के माध्यम से जानकारी लेते रहें। इस कदम से उम्मीद है कि इस साल गर्मियों के दौरान यात्रा अधिक सुविधाजनक और परेशानी मुक्त होगी।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

