Hindi NewsIndia NewsIndian Railways 200 special trains to make over 12000 trips between Oct 1 and Nov 30
त्योहारी सीजन में रेलवे का खास ऐलान, इस तारीख तक चलाई जाएंगी स्पेशल ट्रेनें; 12000 से ज्यादा फेरे

त्योहारी सीजन में रेलवे का खास ऐलान, इस तारीख तक चलाई जाएंगी स्पेशल ट्रेनें; 12000 से ज्यादा फेरे

संक्षेप:

रेल मंत्रालय ने बताया है कि त्योहारों के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए देश के विभिन्न स्थानों से प्रतिदिन औसतन 196 विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं।

Wed, 22 Oct 2025 10:08 PMJagriti Kumari भाषा, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

रेल मंत्रालय ने त्योहारी सीजन में देशवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। बुधवार को रेलवे ने 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2025 तक निर्धारित 12,011 रेल यात्राओं (रेलगाड़ियों के फेरों) की सूची जारी की है। इसमें बताया गया है कि त्योहारों के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए देश के विभिन्न स्थानों से प्रतिदिन औसतन 196 विशेष रेलगाड़ियां चलाई जा रही हैं। इस कड़ी में 18 अक्टूबर को सबसे अधिक लगभग 280 विशेष रेलगाड़ियों चलाई गईं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अधिकारियों ने बताया कि मंत्रालय ने सभी उपलब्ध डिब्बों की पहचान करने और उनका उपयोग करने के लिए सभी क्षेत्रों और मंडलों के साथ महीनों तक दिन-रात काम किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यात्री त्योहार मनाने के लिए समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। एक रेलवे अधिकारी ने कहा, ‘‘मरम्मत के लिए भेजे गए डिब्बों समेत लगभग सभी डिब्बों को देश भर के सभी 70 रेलवे मंडलों से उनकी फिटनेस सुनिश्चित करते हुए वापस ले लिया गया, जिससे यात्रियों की आवाजाही के आधार पर 12,011 यात्राएं संभव हो सकें।’’

हालांकि अधिकारियों और रेलवे कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने दावा किया कि सूची में ना केवल कुछ कम दूरी की लोकल ट्रेन शामिल हैं, बल्कि कुछ नियमित ट्रेन का नाम बदलकर पूजा स्पेशल कर दिया गया है ताकि कथित तौर पर आंकड़े बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए जा सकें। मध्यप्रदेश के नीमच के एक आरटीआई कार्यकर्ता चंद्रशेखर गौड़ ने बताया, ‘‘‘अप’ ट्रेन संख्या 09721 और ‘डाउन’ ट्रेन संख्या 09722 कई वर्षों से सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के रूप में प्रतिदिन चलती रही हैं, जो जयपुर और उदयपुर के बीच लगभग 400 किलोमीटर की दूरी तय करती हैं। सूची में अब इस नियमित ट्रेन का नाम बदलकर पूजा स्पेशल कर दिया गया है और इसके 122 फेरे गिने गए हैं।’’

रेलवे ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि पूर्व में स्पेशल के रूप में चलने वाली या त्योहारी सीजन के लिए नई शुरू की गई सभी ट्रेन यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई गई हैं। एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि छिटपुट घटनाओं की ओर इशारा करने के बजाय, लोगों को 12 लाख रेलवे कर्मचारियों द्वारा दिन-रात काम किए जा रहे इस विशाल कार्य की सराहना करनी चाहिए।’’

ये भी पढ़ें:छठ पूजा के लिए भोपाल से 2 स्पेशल ट्रेन,जानिए किस दिन चलेंगी और कहां-कहां रुकेंगी

इस बीच पूर्वी रेलवे दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा के त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की भारी मांग को पूरा करने के लिए विशेष ट्रेनों के 1,300 से अधिक फेरे सुनिश्चित कर रहा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने एक बयान में कहा कि विशेष ट्रेनों के 1,300 फेरे में से 329 फेरे हावड़ा, सियालदह, कोलकाता, आसनसोल, भागलपुर और मालदा टाउन स्टेशनों से विभिन्न गंतव्यों के लिए संचालित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अन्य क्षेत्रीय रेलवे से विशेष रेलगाड़ियों की 663 यात्राएं भी पूर्व रेलवे क्षेत्राधिकार में समाप्त और आरंभ हो रही हैं तथा विशेष रेलगाड़ियों की 320 यात्राएं नेटवर्क से गुजर रही हैं।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari
जागृति ने 2024 में हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल सर्विसेज के साथ अपने करियर की शुरुआत की है। संत जेवियर कॉलेज रांची से जर्नलिज्म में ग्रैजुएशन करने बाद, 2023-24 में उन्होंने भारतीय जन संचार संस्थान नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा हासिल किया। खबरें लिखने के साथ साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय संबंध, खेल और अर्थव्यवस्था की खबरों को पढ़ना पसंद है। मूल रूप से रांची, झारखंड की जागृति को खाली समय में सिनेमा देखना और सिनेमा के बारे में पढ़ना पसंद है। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।