कौन हैं आलोक डिमरी? ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहुंचे पाकिस्तान, लाहौर देखने की जताई इच्छा
India-Pakistan News: आपको बता दें कि पहलगाम हमले के बाद पिछले साल चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद से किसी आधिकारिक भारतीय प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान की यह पहली यात्रा है।

India-Pakistan News: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में इन दिनों शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की एक महत्वपूर्ण बैठक हो रही है। इस बैठक में एक वरिष्ठ अधिकारी आलोक डिमरी के नेतृत्व में भारत के विदेश मंत्रालय का एक प्रतिनिधिमंडल भी पाकिस्तान पहुंचा। इस दौरान उनका अनोखा अंदाज देखने को मिला। पाकिस्तान के सरकारी टीवी से बातचीत में उन्होंने पाकिस्तान के अन्य शहरों विशेष रूप से लाहौर की यात्रा करने की इच्छा जताई। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने उनका बयान शेयर किया है। इस वीडिया में डिमरी कहते हैं, "मुझे पहली बार पाकिस्तान आने का मौका मिला है। इस्लामाबाद आकर मुझे बेहद खुशी हुई।"
राष्ट्रीय समन्वयकों की यह तीन दिवसीय बैठक सोमवार यानी कि 29 सितंबर को शुरू हुई। यह बैठक ऐसे समय में आयोजित की गई है जब कुछ ही दिनों पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के मंच पर भारत और पाकिस्तान के बीच आतंकवाद और कश्मीर मुद्दे को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। संयुक्त राष्ट्र में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने-अपने संबोधनों में एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद दोनों देशों के राजनयिकों ने जवाब देने के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए अपना पक्ष रखा था।
डिमरी ने जताई लाहौर देखने की इच्छा
आपको बता दें कि पहलगाम हमले के बाद पिछले साल चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद से किसी आधिकारिक भारतीय प्रतिनिधिमंडल की पाकिस्तान की यह पहली यात्रा है। पाकिस्तान की अध्यक्षता में आयोजित SCO काउंसिल ऑफ नेशनल कोऑर्डिनेटर्स (CNC) की पहली बैठक के बाद डिमरी ने कहा, "फिलहाल तो मैंने सिर्फ इस्लामाबाद देखा है, लेकिन मेरी इच्छा है कि मैं लाहौर, फैसलाबाद और सियालकोट की भी यात्रा करूं।"
इशाक डार से भी मिले
भारत और पाकिस्तान के बीच ऑपरेशन सिंदूर के बाद संबंध पहले की तुलना में कहीं अधिक बिगड़ चुके हैं। इस सबके बीच आलोक डिमरी के इस बयान ने दोनों ही देशों के लोगों का ध्यान खींचा है। आपको बता दें कि एक दूसरे वीडियो में पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार और आलोक डिमरी को गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए देखा गया। आपको बता दें कि हाल ही में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत ने पाकिस्तान पर जबरदस्त तरीके से हमला बोला था।
परिषद की बैठक पर विस्तार से बोलते हुए डिमरी ने कहा, "यह एक ऐसी यात्रा है जिसमें यूरेशियाई और एशियाई महाद्वीप के सदस्य देश SCO के मंच पर एक साथ आए हैं। हमने अपनी भलाई, समृद्धि और कल्याण के लिए एक साझा एजेंडा तैयार किया है।" उन्होंने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, व्यापार और ट्रांजिट को अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।
शंघाई सहयोग संगठन में भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस, ईरान और बेलारूस सहित 10 स्थायी सदस्य शामिल हैं। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके पूर्ण सदस्य बने थे। यह एक ऐसा मंच है जहां दोनों देशों के अधिकारी नियमित रूप से बातचीत करते हैं।
डिमरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभ्यतागत संवाद मंच के प्रस्ताव का भी जिक्र किया और कहा कि सदस्य देश SCO के भीतर ऐसा मंच स्थापित करने पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने SCO को एशिया के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाला एक मजबूत सेतु बताया।

