ईरान में रह रहे भारतीय बाहर न निकलें; हिंसक प्रदर्शन के बीच भारत सरकार की सख्त चेतावनी, जानें क्यों
ईरान में हिंसक प्रदर्शनों के बीच भारत ने अपने नागरिकों को सख्त चेतावनी जारी की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को कहा कि भारत ईरान में चल रहे घातक विरोध प्रदर्शनों पर कड़ी नजर रख रहा है।
ईरान में हिंसक प्रदर्शनों के बीच भारत ने अपने नागरिकों को सख्त चेतावनी जारी की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को कहा कि भारत ईरान में चल रहे घातक विरोध प्रदर्शनों पर कड़ी नजर रख रहा है। उन्होंने भारतीय नागरिकों, विशेष रूप से वहां रहने वाले प्रवासी भारतीयों और छात्रों को सलाह दी कि वे 'बाहर न निकलें' या खुद को अशांति के बीच न फंसाएं।
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की भारत की पहली यात्रा के बाद एक विशेष मीडिया ब्रीफिंग में विक्रम मिस्री ने कहा कि हम ईरान में हो रहे घटनाक्रमों पर नजर रख रहे हैं... ईरान में प्रवासी भारतीयों और भारत से आए छात्रों का एक महत्वपूर्ण समुदाय है। उन्होंने बताया कि भारतीय दूतावास ने छात्रों और अन्य नागरिकों से संपर्क किया है और वे सुरक्षित हैं, लेकिन सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उन्होंने आगे कहा कि लागू प्रतिबंधों के बावजूद हमारे दूतावास ने छात्र समुदाय से संपर्क किया है और पाया है कि वे सभी सुरक्षित और कुशल-मंगल हैं तथा अब तक उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हमने वहां मौजूद अपने सभी देशवासियों को सलाह दी है कि वे बाहर न निकलें और अशांति के बीच न फंसें।
बता दें कि ईरान में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई में कम से कम 544 लोग मारे गए हैं वहीं मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने रविवार को कहा कि आंकड़ा इससे कहीं अधिक हो सकता है। अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, पिछले दो सप्ताह से जारी प्रदर्शनों के दौरान 10600 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। एजेंसी के अनुसार, मारे गए लोगों में 496 प्रदर्शनकारी और सुरक्षाबलों के 48 सदस्य थे।
गौरतलब है कि ईरान में इंटरनेट सेवाएं ठप होने और फोन लाइनों के काटे जाने के कारण विदेश से इन प्रदर्शनों की स्थिति का आकलन करना और अधिक कठिन हो गया है। एसोसिएटेड प्रेस स्वतंत्र रूप से मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं कर सका है। ईरानी सरकार ने अब तक कुल हताहतों के आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें




