Hindi NewsIndia NewsIndia upgrades its Technical Mission in Afghanistan to Embassy
भारत-अफगानिस्तान के रिश्तों की नई शुरुआत, काबुल में तकनीकी मिशन दूतावास में अपग्रेड

भारत-अफगानिस्तान के रिश्तों की नई शुरुआत, काबुल में तकनीकी मिशन दूतावास में अपग्रेड

संक्षेप: भारत ने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री की हालिया भारत यात्रा के बाद अहम कदम उठाते हुए, भारत ने मंगलवार को काबुल स्थित तकनीकी मिशन का दर्जा तत्काल प्रभाव से दूतावास के स्तर पर बहाल कर दिया है।

Tue, 21 Oct 2025 07:12 PMJagriti Kumari एएनआई, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

भारत और अफगानिस्तान के रिश्तों की नई शुरुआत हो चुकी है। हाल ही में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी के भारत दौरे के बाद अब भारत ने मंगलवार को काबुल स्थित तकनीकी मिशन का दर्जा तत्काल प्रभाव से दूतावास के स्तर पर अपग्रेड कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि यह फैसला आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में अफगान पक्ष के साथ द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करने के भारत के संकल्प को दर्शाता है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

काबुल स्थित भारत के तकनीकी मिशन को दूतावास में अपग्रेड करने के निर्णय की घोषणा हाल ही में विदेश मंत्री एस जयशंकर और अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी के साथ हुई मुलाकात के बाद की गई है। अफगान विदेश मंत्री 9 से 16 अक्टूबर तक भारत की यात्रा पर थे। उनके दौरे के दौरान ही दोनों देशों के बीच इस कदम पर सहमति बनी थी।

मंगलवार को विदेश मंत्रालय द्वारा विज्ञप्ति में कहा गया है कि काबुल स्थित भारतीय दूतावास अफगानिस्तान के व्यापक विकास में भारत के योगदान को और बढ़ाएगा। विज्ञप्ति में कहा गया है, "अफगानिस्तान के विदेश मंत्री की हालिया भारत यात्रा के दौरान हुई बातचीत के अनुरूप, सरकार काबुल स्थित भारतीय तकनीकी मिशन का दर्जा तत्काल प्रभाव से अफगानिस्तान स्थित भारतीय दूतावास के स्तर पर बहाल कर रही है। यह निर्णय पारस्परिक हित के सभी क्षेत्रों में अफगान पक्ष के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के भारत के संकल्प को रेखांकित करता है।"

इसमें आगे कहा गया है, "अफगान समाज की प्राथमिकताओं और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए, काबुल स्थित भारतीय दूतावास अफगानिस्तान के व्यापक विकास, मानवीय सहायता और निर्माण पहलों में भारत के योगदान को और बढ़ाएगा।"

इससे पहले मुत्ताकी के साथ बैठक के दौरान अपने संबोधन में, जयशंकर ने कहा था कि भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा था, “हमारे बीच घनिष्ठ सहयोग काबुल के विकास के साथ-साथ क्षेत्रीय स्थिरता में योगदान देता है। इसे और मजबूत करने के लिए, काबुल स्थित भारत के तकनीकी मिशन को भारतीय दूतावास के स्तर पर उन्नत करने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है।”

ये भी पढ़ें:सीमा विवाद पर भारत ने खुलकर किया अफगानिस्तान का समर्थन, पाकिस्तान को लताड़ा
ये भी पढ़ें:काबुल में दूतावास खोलेगा भारत, अफगानिस्तान ने भी दिया एक भरोसा; क्या-क्या बात

जयशंकर और मुत्ताकी के बीच वार्ता के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में कहा गया कि दोनों पक्षों ने आपसी हितों के व्यापक मुद्दों के साथ-साथ महत्वपूर्ण क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के सम्मान पर जोर दिया। वहीं मुत्ताकी ने यह प्रतिबद्धता भी दोहराई कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार देश की धरती का इस्तेमाल आतंकवाद के खिलाफ नहीं होने देगी।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari
जागृति ने 2024 में हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल सर्विसेज के साथ अपने करियर की शुरुआत की है। संत जेवियर कॉलेज रांची से जर्नलिज्म में ग्रैजुएशन करने बाद, 2023-24 में उन्होंने भारतीय जन संचार संस्थान नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा हासिल किया। खबरें लिखने के साथ साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय संबंध, खेल और अर्थव्यवस्था की खबरों को पढ़ना पसंद है। मूल रूप से रांची, झारखंड की जागृति को खाली समय में सिनेमा देखना और सिनेमा के बारे में पढ़ना पसंद है। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।