नेपाल को रोज 18 घंटे बिजली देगा भारत, बाढ़ से हाहाकार के बाद दिखाया बड़ा दिल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

नेपाल में आई बाढ़ से 7 बड़ी हाइड्रोपावर परियोजनाओं और 5 सौर संयंत्रों को नुकसान पहुंचा है। इससे कुल मिलाकर लगभग 275 मेगावाट बिजली आपूर्ति में रुकावट आ गई है। अब भारत संकट की घड़ी में सामने आया है।

India to provide 18 hour power supply to Nepal
नेपाल की मदद के लिए भारत आगे आया है

पड़ोसी देश नेपाल बीते महीने देश में आई भीषण बाढ़ से उबरने की कोशिश कर रहा है। सैकड़ों की मौत, अनजान लाशें, हजारों लापता लोग और अथाह मलबा, नेपाल फिलहाल इन सब से जूझ रहा है। इस बीच बाढ़ में देश की कई बिजली परियाजनाओं के बर्बाद हो जाने के बाद अब भारत नेपाल की मदद के लिए आगे आया है। भारत अब नेपाल को हर दिन करीब 18 घंटे की बिजली सप्लाई करेगा।

यह मदद तत्काल प्रभाव से लागू होगी। बिजली मंत्रालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक भारत की ओर से दी गई यह मदद 13 सितंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी। इसके तहत नेपाल को हर दिन मध्यरात्रि रात 12 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक बिजली दी जाएगी।

नेपाल को कहां से मिलेगी बिजली?

सोमवार को भारतीय दूतावास के सूत्रों ने भारत के बिजली मंत्रालय के एक नोटिस का हवाला देते हुए बताया कि मुजफ्फरपुर-ढलकेबार 400 केवी लाइन के जरिये 600 मेगावाट तक और टनकपुर-महेंद्रनगर 132 किलोवाट पारेषण लाइन के जरिये 54 मेगावाट तक बिजली निर्यात की जाएगी। एक बयान में कहा गया, ''इस मंजूरी से नेपाल को इस मुश्किल समय में अपनी बिजली की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी और भारत और नेपाल के बीच गहरे और लंबे समय से चले आ रहे ऊर्जा सहयोग को और मजबूती मिलेगी।''

बयान में आगे कहा गया, ''भारत नेपाल का समर्थन करने और ऊर्जा क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।'’ बता दें कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 26 अगस्त को नेपाल में भोटेकोशी-त्रिशूली नदी में आई बाढ़ से नेपाल की कई चालू पनबिजली परियोजनाओं और पांच सौर संयंत्रों को नुकसान पहुंचा है। इससे कुल मिलाकर लगभग 275 मेगावाट बिजली आपूर्ति में रुकावट आई है।

क्या रही है स्थिति?

नेपाल आमतौर पर गर्मियों में जरूरत से ज्यादा बिजली पैदा करता है और भारत को निर्यात करता है। वहीं सर्दियों में नदियों का जलस्तर घटने के कारण वह भारत से बिजली आयात करता है। आंकड़ों के मुताबिक 2025-26 में भारत ने नेपाल से 3,299 मिलियन यूनिट बिजली आयात की थी, जबकि नेपाल को 1,451 मिलियन यूनिट बिजली निर्यात की गई थी। अब इस आपदा ने नेपाल की मुसीबत बढ़ा दी है। नेपाल के कई प्रमुख हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स पूरी तरह तबाह हो गए हैं और उसे समय से पहले ही भारत पर निर्भर होना पड़ा है।

1,300 से ज्यादा मौतें

गौरतलब है कि बीते 26 अगस्त को नेपाल में भीषण बाढ़ आ गई थी। हिमालयी क्षेत्र में विशालकाय ग्लेशियर टूटने से बनी झीलों के फटने के बाद तिब्बत सीमा के पास घाटियों और बस्तियों में बेहिसाब पानी और मलबा बह आया। आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,344 हो गई है, जबकि सैकड़ों बच्चे और नागरिक अभी भी लापता हैं। वहीं हजारों लोग बेघर हो चुके हैं। फिलहाल राहत कार्य जारी है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsनेपाल को रोज 18 घंटे बिजली देगा भारत, बाढ़ से हाहाकार के बाद दिखाया बड़ा दिल