अमेरिकी उत्पादों पर जीरो टैरिफ लगाएगा भारत? ट्रंप के दावों का वाइट हाउस ने ही कर दिया फैक्ट चेक
वाइट हाउस के दस्तावेज के मुताबिक आने वाले हफ्तों में अमेरिका और भारत समझौते के ढांचे को शीघ्र लागू करेंगे और अमेरिकी श्रमिकों और कारोबार के लिए लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दोनों पक्षों के लिए लाभकारी बीटीए को अंतिम रूप देने की दिशा में अंतरिम समझौते पर काम करेंगे।
India US Trade Deal: भारत और अमेरिका के पारस्परिक और लाभकारी व्यापार से संबंधित अंतरिम समझौते के ढांचे की संयुक्त घोषणा के कुछ दिन बाद अब हाउस ने 'अमेरिका और भारत ने ऐतिहासिक व्यापार समझौते की घोषणा की' शीर्षक से एक दस्तावेज जारी किया है। इस दस्तावेज को ‘फैक्ट शीट’ का नाम दिया गया है। दस्तावेज में भारत और अमेरिका के बीच होने वाले BTA का जिक्र किया गया है। खास बात यह है कि इसमें ट्रंप के उस दावे का फैक्ट चेक भी है जिसमें उन्होंने अमेरिकी उत्पादों पर जीरो टैरिफ लगने की बात कही थी।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास और कार्यालय वाइट हाउस ने कहा है कि आने वाले हफ्तों में अमेरिका और भारत व्यापार पर अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे ताकि पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौता यानी BTA संपन्न किया जा सके। वाइट हाउस ने फैक्ट शीट में कहा है कि दोनों देश सेवाओं और निवेश, श्रम और सरकारी खरीद सहित शेष मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत जारी रखेंगे।
ट्रंप के दावे का स्पष्टीकरण
फैक्टशीट में ट्रंप के उस दावे पर भी स्पष्टीकरण है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत अमेरिका के खिलाफ टैरिफ और गैर टैरिफ बाधाओं को शून्य करने पर राजी हो गया है। हालांकि फैक्टशीट से यह संकेत मिलता है कि भारत ने तुरंत सभी शुल्क हटाने का फैसला नहीं, बल्कि चुने हुए अमेरिकी उत्पादों पर शुल्क कम करने या चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके तहत भारत सभी अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और अमेरिकी खाद्य और कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पर शुल्क समाप्त करेगा या घटाएगा।
इनमें ड्राइड डिस्टिलर्स ग्रेन्स, रेड सोरघम, ट्री नट्स, ताजे और प्रसंस्कृत फल, कुछ दालें, सोयाबीन तेल, वाइन और स्पिरिट्स सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं। साथ ही भारत ने अधिक अमेरिकी उत्पाद खरीदने तथा ऊर्जा, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य क्षेत्रों में 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के अमेरिकी उत्पाद खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है।
फैक्ट शीट में और क्या?
अमेरिका द्वारा जारी फैक्ट शीट में समझौते की प्रमुख शर्तों को उल्लेख किया गया है। दस्तावेज के अनुसार, ''आने वाले हफ्तों में अमेरिका और भारत इस ढांचे को शीघ्र लागू करेंगे और अमेरिकी श्रमिकों तथा कारोबार के लिए लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पारस्परिक रूप से लाभकारी बीटीए को अंतिम रूप देने की दिशा में अंतरिम समझौते पर काम करेंगे।'' वाइट हाउस ने यह भी कहा है कि दोनों देश ‘रूल्स ऑफ ओरिजिन’ तय करेंगे, ताकि समझौते का लाभ मुख्य रूप से अमेरिका और भारत को ही मिले। साथ ही दोनों देश आर्थिक सुरक्षा के तालमेल को मजबूत करेंगे, सप्लाई चेन को अधिक लचीला बनाएंगे और तीसरे देशों की गैर बाजार नीतियों से निपटने के लिए मिलकर काम करेंगे। निवेश की समीक्षा और निर्यात नियंत्रण के मामलों में भी सहयोग बढ़ाने की बात कही गई है।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

