कभी बहाल नहीं होगी सिंधु जल संधि, UN में भारत ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ा; आतंकवाद पर खोली पोल
IWT: यूएन में भारत की फर्स्ट सेक्रेटरी अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को पैदा करने वाला पाकिस्तान सहयोग की अपेक्षा नहीं कर सकता। सिंधु जल संधि पुरानी हो चुकी है और अब यह बहाल नहीं होगी।
संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाते हुए साफ कर दिया है कि सिंधु जल संधि (Indus Water Treaty) अब बहाल नहीं होने वाली है। संयुक्त राष्ट्र में भारत की फर्स्ट सेक्रेटरी अनुपमा सिंह ने UNHRC के 62वें सत्र में संबोधित करते हुए कहा कि जिस देश के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ आतंकियों को पनाह देते हैं और उनकी ट्रेनिंग पर इतराते हैं, ऐसे देश के साथ कोई भी सहयोग मानवता के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को उसी का पैदा किया हुआ राक्षस चबा रहा है। पाकिस्तान खुद ही आतंकियों को पनाह देता है और फिर आतंकवाद का शिकार बनता है। अनुपमा सिंह ने जम्मू-कश्मीर को लेकर कहा कि यह भारत का अभिन्न अंग है और इसपर कोई बहस नहीं हो सकती।
पुरानी हो गई सिंधु जल संधि (IWT)
अनुपमा सिंह ने कहा कि संधु जल संधि पर भारत अपना रुख नहीं बदलेगा। उन्होंने कहा कि भारत का रुख स्पष्ट है। पाकिस्तान की नीति आतंकवाद को बढ़ावा देने की है और ऐसे में उसकी सद्भावना और दोस्ती के आधार पर मदद नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह संधि बहुत पुरानी हो चुकी है और 65 साल हुए समझौते को अधिकार नहीं समझा जा सकता। किसी भी अधिकार के लिए जवाबदेही की जरूरत होती है जिससे पाकिस्तान कोसों दूर है। भारत ने कहा कि पाकिस्तान यूएनएचआरसी में एक तरह का ही नाटक दोहराता रहता है जो कि अब पुराने हो गए हैं।
पाकिस्तान को दिखा दिया आईना
अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है। ऐसे में कोई भी तकनीकी व्यवस्था भी एक जैसी ही नहीं रह सकती। पाकिस्तान को भारतीय इलाकों पर नजर रखने की जगह अपने हालात सुधारने चाहिए। इससे उसके लोगों का भला होगा। बता दें कि पिछले दिनों रिपोर्ट्स में सामने आया था कि पाकिस्तान अपने सैटेलाइट्स के जरिए भारत के इलाकों की जासूसी करता है।
जम्मू-कश्मीर को लेकर इस्लामिक सहयोग संगठन (IOC) की आपत्तिजनक टिप्पणी का जवाब देते हुए सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा। भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने की कोई कोशिश ना करे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान खुद एक विफल देश है। इसी को छिपाने के लिए वह भारत को लेकर झूठे दावे करता है। उन्होंने कहा कि केवल पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के मुद्दे का ही समाधाना होना बाकी है। केंद्र सरकार के मुताबिक पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था सिंधु नदी तंत्र पर ही निर्भर है। पाकिस्तान की 16 मिलियन हेक्टेयर भूमि में से करीब 80 फीसदी की सिंचाई सिंधु नदी तंत्र पर ही निर्भर है और इससे उसकी पानी की 93 फीसदी आवश्यकता पूरी होती है।
लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ें

