खामेनेई की मौत पर भारत ने जताया दुख, विदेश सचिव ने ईरानी राजदूत से की मुलाकात

Mar 05, 2026 04:44 pm ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share

भारत सरकार ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई को गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास में जाकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के प्रति संवेदना व्यक्त की।

खामेनेई की मौत पर भारत ने जताया दुख, विदेश सचिव ने ईरानी राजदूत से की मुलाकात

भारत सरकार ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई को गहन श्रद्धांजलि अर्पित की है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। बता दें कि 28 फरवरी 2026 को इजरायल और अमेरिका ने संयुक्त रूप से ईरान पर बड़े पैमाने पर हमले किए थे, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी।

इस हमले के बाद ईरान में गहरा शोक और राजनीतिक उथल-पुथल मची हुई है। दूसरी ओर भारत के विपक्षी दल सरकार पर कई तरह के आरोप लगा रहे हैं, साथ ही कुछ लोगों का कहना था कि भारत की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। देश के अंदर चल रही राजनीतिक बहस के बीच विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ईरानी दूतावास जाकर इस दुखद घटना पर ईरान सरकार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक पुस्तिका में संदेश दर्ज किया और भारत-ईरान के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को दोहराया।

ईरान में आयतुल्लाह खामेनेई के निधन के बाद 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई देशों ने उनकी मौत पर श्रद्धांजलि अर्पित की है, जबकि क्षेत्रीय तनाव बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। भारत ने इस संवेदनशील स्थिति में संतुलित रुख अपनाते हुए ईरान के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया है।

गौरतलब है कि गुरुवार को ही आम आदमी पार्टी ने अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि यह देश के लिए खतरनाक संकेत है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने आज कहा कि प्रधानमंत्री की यह चुप्पी भारत के लिए खतरनाक संकेत है। अमेरिका इस युद्ध की तैयारी कई महीने से कर रहा था। उसे पता था कि युद्ध शुरू होने के बाद तेल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है फिर भी अमेरिका ने व्यापार समझौता के जरिए भारत को रूस से तेल नहीं लेने के लिए मना लिया। ऐसे में देशवासी जानना चाहते हैं कि क्या अमेरिका ने हमारे प्रधानमंत्री को गुमराह किया या फिर खुद प्रधानमंत्री अमेरिका को खुश रखने के लिए भारत के हितों से समझौता किया?

दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि हिंद महासागर में अमेरिकी हमले में ईरानी जहाज के डूबने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की चुप्पी से साफ है कि देश के रणनीतिक और राष्ट्रीय हितों की घोर उपेक्षा की जा रही है।

खरगे ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान का जो जहाज टारपीडो की चपेट में आने से डूबा है यह जहाज बिना सैन्य साजो सामान के था और भारत में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बेड़ा समीक्षा 2026 से लौट रहा था। ईरानी नौसेना का जहाज ईरिस डेना भारत का आमंत्रित अतिथि था और यह विशाखापत्तनम में 15 से 26 फरवरी तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू 2026 में शामिल हुआ था। इस आयोजन में 70 से ज्यादा देशों की नौसेनाएं शामिल हुईं थीं।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।