पाकिस्तानी जहाज ने भारतीय युद्धपोत को जानबूझकर मारी टक्कर, एक्सपर्ट का खुलासा; भारी पड़ती पैंतरेबाजी

लाइव हिन्दुस्तान
share

भारत ने घटना पर कड़ा एतराज जताया और पाकिस्तानी राजनयिक को तलब कर दिया। साथ ही भारत ने चेतावनी दी है कि पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में नियमों का पालन करे। एक्सपर्ट की क्या है राय?

India pakistan warship collision
भारतीय युद्धपोत तब रूटीन गश्त पर तैनात था

अरब सागर में पाकिस्तान चीन वाले पैंतरेबाजी कर रहा है। एक्सपर्ट्स की माने तो हाल ही में यहां अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में भारतीय युद्धपोत से पाकिस्तानी जहाज के टकराने की घटना पाकिस्तान की गलती नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई काली करतूत थी। इससे पहले बीते मंगलवार रात उत्तरी अरब सागर में एक पाकिस्तानी जहाज पीएनएस हुणैन भारतीय नौसेना के कोलकाता-क्लास गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर के बेहद पास पहुंच गया था। इस घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी और पाकिस्तानी अधिकारियों को तलब भी किया। अब पाकिस्तान भले ही इसे दुर्घटना बताने की कोशिश करें, लेकिन विशेषज्ञों का कहना कि पाकिस्तान ने जानबूझकर इस तरह का रवैया दिखाया।

इससे पहले भारत और पाकिस्तान के जहाजों की टक्कर की खबर सामने ही हलचल मच गई। घटना 15 सितंबर की रात हुई। जानकारी के मुताबिक तब भारतीय युद्धपोत अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में रूटीन गश्त पर तैनात था। आधी रात अचानक पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज बेहद तेज रफ्तार से भारतीय नौसेना के युद्धपोत के बेहद करीब पहुंच गया। रिपोर्ट्स में यह जानकारी सामने आई कि पाकिस्तानी जहाज बेहद गैर-पेशेवर ढंग से आगे बढ़ा और संदिग्ध गतिविधियां भी कर रहा था।

क्या कह रहे विशेषज्ञ?

रक्षा विशेषज्ञों की मानें तो ओमान की खाड़ी से 120 समुद्री मील दूर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में घटी यह घटना कोई हादसा नहीं, बल्कि चीन की तर्ज पर की गई उकसावे वाली हरकत है। रक्षा विशेषज्ञ और वरिष्ठ पत्रकार संदीप उन्नीथन ने इंडिया टुडे को बताया है कि आधुनिक युद्धपोतों में रडार, नेविगेशन और कम्युनिकेशन के एडवांस उपकरण होते हैं। इसकी वजह से दुर्घटना की गुंजाइश ना के बराबर होती है। ऐसे में पाकिस्तान का जहाज सोच समझ कर इस तरफ आया। इसे कूटनीतिक भाषा में 'सी रेज' कहा जा सकता है।

चीन के नक्शेकदम

विशेषज्ञ के मुताबिक पाकिस्तानी नौसेना ना केवल चीन से युद्धपोत और पनडुब्बियां खरीद रही है, बल्कि समुद्र में इस तरह के हथकंडे भी सीख रही है। उन्नीथन ने उदाहरण दे कर समझाया कि चीन की नौसेना दक्षिण चीन सागर में फिलीपींस, ताइवान और जापान के जहाजों के बेहद करीब आकर उन्हें टक्कर मारकर या उनका रास्ता काटकर उकसाने की कोशिश करते हैं। पाकिस्तान अब अरब सागर में पाकिस्तान भी ऐसा ही करने की कोशिश कर रहा है।

PAK को भारी पड़ जाती पैंतरेबाजी

भारत के 'कोलकाता-क्लास' युद्धपोत 7,000 टन से अधिक वजनी और बेहद शक्तिशाली है। वहीं पाकिस्तान का पीएनएस हुणैन महज 2,600 टन का एक गश्ती पोत है। ऐसे में अगर भारतीय कप्तान ने आक्रामक प्रतिक्रिया दी होती, तो पाकिस्तान को पैंतरेबाज़ी भारी पड़ जाती। पाकिस्तानी जहाज समंदर में डूब भी सकता था। रिपोर्ट्स के मुताबिक टक्कर के बाद पाकिस्तानी जहाज क्षतिग्रस्त हो गया और उसे वापस अपने बंदरगाह की ओर भागना पड़ा। वहीं भारतीय युद्धपोत को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और उसने अपना गश्ती अभियान जारी रखा।

भारत ने चेता दिया

पाकिस्तान की इस घटिया हरकत पर भारत ने उसे चेतावनी दे दी है। विदेश मंत्रालय ने बीते बुधवार को नई दिल्ली में स्थित पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक को तलब कर इसे उकसावे वाली कार्रवाई बताया। विदेश मंत्रालय ने साफ कहा है कि इस तरह की हरकत दोहराई ना जाए। विदेश मंत्रालय ने कहा, “पाकिस्तानी नौसैनिक पोत का आचरण अप्रैल 1991 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की अग्रिम सूचना से जुड़े समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन है।” भारत ने कहा कि पाकिस्तान को नियमों का पालन करना चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा ना हों।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsपाकिस्तानी जहाज ने भारतीय युद्धपोत को जानबूझकर मारी टक्कर, भारी पड़ती पैंतरेबाजी