पानी, पानी, पानी… फिर रोया पाकिस्तान, सिंधु जल समझौते पर भारत के एक्शन से है परेशान
भारत ने बीते साल जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के बाद सिंधु जल समझौते को रद्द कर दिया था। तब से पाकिस्तान लगातार इस मुद्दे को उठाता रहा है और भारत को धमकियां भी दी हैं।

पाकिस्तान एक बार फिर पानी को लेकर पूरी दुनिया के सामने रोया है। भारत ने जब से आतंकवाद के खिलाफ करारा प्रहार करते हुए सिंधु जल समझौते को निंबलित किया है, तब से वह लगातार इस मुद्दे को लेकर गिड़गिड़ाया है। यहां तक कि पाकिस्तान इसके लिए युद्ध की धमकी भी दे चुका है। अब एक बार उसकी बौखलाहट नजर आई है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने बुधवार को समझौते को स्थगित रखने के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि यह एक बाध्यकारी समझौता है और इसे निरस्त नहीं रखा जा सकता।
गौरतलब है कि 1960 में विश्व बैंक की मध्यस्थता में भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि पर सहमति बनी थी। यह सिंधु नदी बेसिन की छह नदियों के जल के बंटवारे को नियंत्रित करता है। इसके तहत पूर्वी नदियां भारत और पश्चिमी नदियां मुख्य रूप से पाकिस्तान को आवंटित की गई हैं। भारत शुरुआत से ही पाकिस्तान को पानी देकर मेहरबानी करता आया। लेकिन भारत ने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद इस संधि को स्थगित कर दिया था।
भारत ने साफ कहा है कि पाकिस्तान जब तक सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई नहीं करता तब तक यह संधि स्थगित रहेगी। भारत ने यह भी कहा है कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। पहलगाम हमले में पाकिस्तान के पाले हुए आतंकियों ने पहलगाम की बैसरन घाटी में 26 लोगों की बर्बरता से हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में दर्जनों आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया और 100 से ज्यादा आतंकी मार गिराए। साथ ही भारत ने सिंधु जल समझौते को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
क्या बोले पाकिस्तानी मंत्री?
पाकिस्तान के एक कार्यक्रम में बोलते हुए पाक के सूचना मंत्री तरार ने कहा कि सिंधु जल संधि कानूनी रूप से बाध्यकारी है। उन्होंने कहा कि संधि को एकतरफा तरीके से बदला, रद्द, समाप्त या स्थगित नहीं किया जा सकता। यहां तक कि अगर कोई विवाद हो तो दोनों पक्षों को संधि के नियमों और शर्तों का पालन करना होगा। मंत्री ने चेतावनी दी कि संधि को निलंबित करने की भारत की कार्रवाई के वैश्विक प्रभाव हो सकते हैं।
तरार ने इस दौरान यह भी कहा कि पाकिस्तान एक शांतिप्रिय देश है। उन्होंने कहा, ''हम एक शांतिप्रिय राष्ट्र हैं। लेकिन हम भारत को पानी को हथियार बनाने की अनुमति नहीं दे सकते, क्योंकि यह पाकिस्तान के 24 करोड़ लोगों का बुनियादी अधिकार है।'' इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र के मंच पर भी इस मुद्दे को उछाला था।
भारत ने दिया है स्पष्ट जवाब
भारत ने इस मसले पर पाकिस्तान को बार-बार दो टूक जवाब दिया है। भारत ने साफ कहा है कि पाकिस्तान चाहे कितना भी रो ले, आने वाले दिनों में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पाकिस्तान को एक बूंद पानी भी न मिले। भारत ने अलग अलग मंचों पर इस मुद्दे को उठाने के लिए पाकिस्तान को फटकार भी लगाई है। बीते दिनों भारत ने सिंधु जल संधि के बारे में तथाकथित मध्यस्थता अदालत के फैसले को लेकर पाकिस्तान के बयानों को वास्तविकता को तोड़ मरोड़कर पेश करने की कोशिश करार दिया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा था कि तथ्यों को गलत तरीके से पेश करना और झूठ फैलाना पाकिस्तान की आदत है।
भारतीय प्रवक्ता ने कहा था, "पाकिस्तान को अपने दुर्भावनापूर्ण प्रचार के लिए तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने और झूठी बातें फैलाने की आदत है। सबसे पहले, जिसे पाकिस्तान के मंत्री बढ़ा-चढ़ाकर स्थायी मध्यस्थता अदालत का फैसला बता रहे हैं, वह वास्तव में उस अदालत का फैसला नहीं है बल्कि अवैध तरीके से गठित अदालत का है।” गौरतलब है कि पाकिस्तान ने इस तथाकथित अदालत के फैसले के बारे में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को पत्र लिखकर जानकारी दी थी। भारत इस अदालत के गठन को अवैध बताते हुए इसके फैसले को पहले ही खारिज कर चुका है।


